Logo
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भाजपा में शामिल होने के ऑफर वाले बयान पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने तीखी प्रतिक्रिया दी। 

रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भाजपा में शामिल होने के ऑफर वाले बयान पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि न तो छत्तीसगढ़ को उनकी आवश्यकता है और न ही भाजपा को। कश्यप के मुताबिक, इस तरह के बयान केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए दिए जाते हैं। 

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत द्वारा पीडीएस दुकानों के खाली होने के आरोप पर कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा, जिन पर खुद प्रदेश को नुकसान पहुंचाने और मामलों में फंसने के आरोप हैं, वही अब सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा जो लोग पहले जिम्मेदार थे, वही आज विपक्ष में बैठकर आरोप लगा रहे हैं। नक्सली कमांडर हिडमा को लेकर दिए गए कथित बयानों पर भी कश्यप ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रुख हमेशा नक्सलियों के प्रति नरम रहा है। झीरम घाटी कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, यदि कांग्रेस नेताओं के पास सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए।

बीजापुर विधायक की सुरक्षा पर प्रतिक्रिया
बीजापुर विधायक की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों पर मंत्री कश्यप ने कहा, किसी को भी क्षेत्र में जाने से नहीं रोका गया है। संबंधित विधायक अक्सर बिना सुरक्षा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जाते रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है। असम में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कश्यप ने कहा, भाजपा नेता चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, उनके जाने का उद्देश्य क्या है, यह बाद में स्पष्ट होगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार का दावा
बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मंत्री ने कहा, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में तीन मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आंतरिक क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। युवा कांग्रेस की प्रस्तावित महापंचायत का स्वागत करते हुए कश्यप ने कहा, उम्मीद है कि कार्यक्रम में वास्तविक लोगों की भागीदारी होगी।

5379487