Logo
वन मंत्री केदार कश्यप ने सरकार के दो साल पूरे होने पर अपने विभाग की दो सालों की उपलब्धियां गिनाई हैं। 

रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने सरकार के दो साल पूरे होने पर अपने विभाग की दो सालों की उपलब्धियां गिनाई हैं। साथ ही आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा, दो वर्षों में हर विभाग ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। छत्तीसगढ़ सघन वनों में 70 प्रतिशत का विस्तार हुआ है। भारतीय वन सर्वेक्षण संस्थान द्वारा दिसंबर 2024 में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसारं छत्तीसगढ़ के वन एवं वृक्ष आवरण में लगभग 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य के कुल भौगोलिक क्षेत्र का लगभग 44 प्रतिशत भाग वन क्षेत्र है। अत्यंत सघन वनों में 348 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज होना वनों की गुणवत्ता और पारिस्थितिक संतुलन में सुधार का प्रमाण है। 

संवाददाताओं से चर्चा करते हुए वन मंत्री ने कहा, राज्य में वन संरक्षण, हरित आवरण विस्तार, वन्यजीव संवर्धन, इको-टूरिज्म विकास तथा वनवासियों की आजीविका सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। राज्य सरकार वन संरक्षण के साथ सतत विकास, जैव विविधता संरक्षण और वनवासियों की आजीविका सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वनों के संरक्षण के साथ साथ विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। परिवहन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत 69 चयनित मार्गों में 69 बसों का संचालन किया जा रहा है, इससे 450 नए गांवों तक पहली बार यात्री बस सुविधा पहुंच रही है।

वनभैंसा और पहाड़ी मैना संरक्ष
वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि,  राजकीय पशु वनभैंसा के संरक्षण के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में 14 से 17 वनभैंसे देखे गए हैं। राज्य पक्षी पहाड़ी मैना के संरक्षण के लिए स्थानीय युवाओं को 'मैना मित्र' के रूप में जोड़ा गया है, जिसके परिणामस्वरूप अब लगभग 600 से 700 पहाड़ी मैना देखे जा रहे हैं।

रायपुर को सड़क दुर्घटना में शून्य मृत्यु वाला जिला बनाने की दिशा में कार्य
उन्होंने बताया कि,  वर्ष 2025 में  करीब 15 हजार सड़क दुर्घटनाएं हुई इसमें 6,700 लोगों की मौत हुई है। रायपुर जिले को सड़क दुर्घटना में शून्य मृत्यु वाला जिला बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक 37 एएनपीआर कैमरे लीकेज मार्ग एवं 47 एएनपीआर कैमरे चेकपोस्ट और अन्य स्थानों में लगाए गए है। मई 2023 से जनवरी 2026 तक 3 लाख 2 हजार वाहनों पर कुल 135 करोड़ का चालान किया गया, जिसमें से अब तक करीब 41.58 करोड़ का चालान जमा किया जा चुका है।

बाघों की संख्या में वृद्धि
मंत्री केदार कश्यप ने कहा, राज्य में बाघों की संख्या में वृद्धि हुई है। वर्ष 2022 की गणना अनुसार प्रदेश में 17 बाघ थे आज 35 बाघ प्रदेश के वनों में विचरण कर रहे हैं। राज्य में बाघ संरक्षण के लिए गुरु घासी दास- तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व का गठन किया गया है। बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए अन्य टाइगर रिजर्व से बाघों के स्थानांतरण की अनुमति भी प्राप्त हुई है। प्रदेश में मानव हाथी द्वंद्व को रोकने के लिए मिनिटिंग एप्प गज संकेत बनाया गया है, जिसके माध्यम से एलिफेंट ट्रेकिंग की जानकारी एसएमएस के माध्यम से ग्रामीणों को तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है।

सबसे बड़ा समुद्रीय जीवाश्म पार्क
वन मंत्री ने बताया कि, मनेन्द्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर जिला का मरीन फासिल पार्क एशिया महाद्वीप का सबसे बड़ा समुद्रीय जीवाश्म पार्क है। यह जीवाश्म हसदेव नदी के किनारे लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां 29 करोड़ वर्ष पूर्व के जीवाश्म मिले हैं। देश में ऐसे 4 जगह समुद्रीय जीवाश्म मिले हैं। उन्होंने बताया कि गिधवा-परसदा में बर्ड इंटरप्रिटेशन सेंटर और बर्ड सफारी का शुभारंभ किया गया है।
 

5379487