Logo
बेमेतरा के चार नवाचारी शिक्षकों को अभिनव शिक्षण पद्धतियों और उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान 2025-26 के लिए चुना गया है।

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा ज़िले के लिए गर्व का क्षण है, जहाँ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नवाचार को नई ऊँचाई देने वाले चार शिक्षकों- आशुतोष चौबे, सुचिता निषाद, जोगीराम वर्मा और दीपक यादव को राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सह राष्ट्रीय शैक्षणिक सम्मान 2025-26 के लिए चयनित किया गया है। इन शिक्षकों के अभिनव प्रयासों ने न केवल कक्षाओं में सीखने का स्तर बढ़ाया है, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और विषयों के प्रति रुचि को भी नई दिशा दी है।

आशुतोष चौबे: क्रिकेट के खेल से गणित की आसान सीख
साजा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला चोरभट्टी के नवाचारी शिक्षक आशुतोष चौबे को गणित की कठिन अवधारणाओं को बच्चों के खेल से जोड़कर आसान बनाने के लिए सराहा गया है। उन्होंने गणित के पहाड़ों को क्रिकेट से जोड़कर एक ऐसी प्रतियोगी और रोचक पद्धति विकसित की, जिससे बच्चों की विषय में रुचि बढ़ी और याद करने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। शिक्षा विशेषज्ञों ने उनके नवाचार को नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप और अत्यंत प्रभावी बताया है।

Innovative teachers honored

जोगीराम वर्मा: तकनीक आधारित शिक्षण से व्यापक सुधार
बेरला विकासखंड के नवाचारी शिक्षक जोगीराम वर्मा ने शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए कक्षा शिक्षण में कई नए प्रयोग किए। उनके सतत प्रयासों ने विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमताओं में बड़ा परिवर्तन लाया है। जोगीराम वर्मा का मानना है कि शिक्षा सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व निर्माण का माध्यम है।

सुचिता निषाद: पानी की बोतलों से गणित की कठिन अवधारणाएँ आसान
बेमेतरा विकासखंड की नवाचारी शिक्षिका सुचिता निषाद ने कक्षा 1 और 2 के बच्चों के लिए गणित को सरल बनाने के अनूठे प्रयास किए। उन्होंने विभिन्न आकार-प्रकार की पानी की बोतलों का प्रयोग करते हुए-

  • गिनती
  • जोड़-घटाना
  • मूर्त से अमूर्त समझ
  • समूह बनाना
  • छोटे-बड़े संख्या
  • गुणा-भाग
  • बढ़ते-घटते क्रम

जैसी अवधारणाओं को बेहद सरल और समझने योग्य बनाया। उनकी यह कार्यशैली बच्चों में विषय के प्रति जिज्ञासा और समझ दोनों बढ़ाती है, जिसके कारण उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया।

Innovative teachers honored at national level

दीपक यादव: नवागढ़ के शिक्षक की उपलब्धि
नवागढ़ विकासखंड से दीपक यादव को भी शैक्षणिक नवाचारों और बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए इस सम्मान हेतु चयनित किया गया है। उनकी पहल ने कक्षाओं में बच्चों की सक्रियता, सहभागिता और सीखने के माहौल को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

जिले का गौरव बढ़ाने वाला क्षण
इन चार शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान के लिए चयनित किया जाना न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों की पहचान है, बल्कि पूरे बेमेतरा जिले के लिए सम्मान और प्रेरणा का स्रोत है। यह उपलब्धि बताती है कि नवाचार आधारित शिक्षण भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।

5379487