Logo
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजने पर सहमति बनी।

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक में वन्यजीव संरक्षण, संवर्धन और प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई तथा विभिन्न प्रस्तावों को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड के समक्ष भेजने पर सहमति बनाई गई। बैठक में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

वन्यजीव हमारे प्राकृतिक संतुलन की धरोहर- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, वन्यजीव संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सतत निगरानी, अवैध गतिविधियों पर रोक और जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में न्यूनतम हस्तक्षेप, अत्यावश्यक कार्यों में ही सीमित मानव दखल, वनों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों व युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और आने वाले वर्षों में वन विभाग की प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने गतिविधियों में सह-अस्तित्व के सिद्धांत को अपनाने की बात भी कही।

Chhattisgarh Wildlife Board Meeting

स्थायी समिति के गठन को मंजूरी
बैठक में राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति बनाने को मंजूरी दी गई। यह समिति वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में गठित होगी, जिसमें 11 सदस्य शामिल होंगे। इस समिति के गठन से-

  • प्रस्तावों की मंजूरी में लगने वाला समय घटेगा
  • वैधानिक अनुमोदन तेज़ी से मिल पाएंगे
  • वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े निर्णय त्वरित रूप से हो सकेंगे

चूंकि बोर्ड की बैठकों के बीच अंतराल अधिक होने से प्रस्ताव लंबित हो जाते थे, इसलिए यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली सहमति
बैठक में निम्न प्रस्तावों के अनुमोदन के बाद उन्हें राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजने पर सहमति बनी- 

  • उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व में बरबांधा जलाशय की नहरों एवं बांधों का जीर्णोद्धार जल आपूर्ति और वन्यजीव आवास मजबूत करने को आवश्यक माना गया।
  • पीएम जनमन योजना के तहत कबीरधाम जिले में सड़क मजबूतीकरण पंडरीपानी मेन रोड से सौरु तक सड़क सुधार कार्य को हरी झंडी।
  • ऑप्टिकल फाइबर बिछाने से जुड़े 6 प्रस्ताव- गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सीमित हस्तक्षेप के सिद्धांत पर सहमति।
  • सेमरसोत अभ्यारण्य में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने की मंजूरी
  • उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व में CRPF कैंप की स्थापना सुरक्षा दृष्टि से आवश्यक समझा गया।
  • उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व में अतिरिक्त ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का प्रस्ताव। 

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मजीत सिंह, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव, तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अरुण कुमार पाण्डेय सहित बोर्ड सदस्य व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

5379487