Logo
ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फूँकवाल ने शुक्रवार को एक दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर रेलवे स्टेशन और संबंधित रेल अधोसंरचना कार्यों का गहन निरीक्षण किया। 

अनिल सामंत- जगदलपुर। ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फूँकवाल ने शुक्रवार को एक दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर रेलवे स्टेशन और संबंधित रेल अधोसंरचना कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उनके साथ विशाखापत्तनम रेल मंडल के मंडल प्रबंधक ललित बोहरा सहित जोन और मंडल के एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रेल जीएम विशेष सैलून से सुबह जगदलपुर पहुंचकर सीधे सिलकझोड़ी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने खतरनाक ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए। इसके बाद वे जगदलपुर स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत योजना के तहत निर्माणाधीन नई स्टेशन बिल्डिंग का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके तेवर बेहद सख्त नजर आए और निर्माण गुणवत्ता को लेकर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से कमियों का खुलासा नहीं किया, लेकिन उनके रुख से साफ संकेत मिले कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

GM inspecting the construction
निर्माण का जायजा लेते हुए जीएम  

आधुनिक स्टेशनों में शामिल होगा जगदलपुर रेलवे स्टेशन
निरीक्षण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए रेल जीएम परमेश्वर फूँकवाल ने स्पष्ट कहा कि आने वाले समय में जगदलपुर रेलवे स्टेशन देश के सबसे विकसित और आधुनिक स्टेशनों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे मंत्रालय का पूरा फोकस बस्तर में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा को मजबूत करने पर है। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, डारमेट्री, एस्केलेटर, लिफ्ट, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज सहित अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही केशलूर और लामनी में रोड ओवर ब्रिज निर्माण को राज्य सरकार और रेलवे के समन्वय से शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिया गया।

निर्माण गुणवत्ता पर जीएम की सख्ती, घटिया सामग्री पर कार्रवाई के संकेत
निरीक्षण के दौरान स्टेशन भवन में उपयोग की गई लकड़ी और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठे। इस पर रेल जीएम ने स्पष्ट संकेत दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और आवश्यक होने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन का हर हिस्सा मजबूत, सुरक्षित और दीर्घकालिक उपयोग के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधा मिल सके। 


कोचिंग डिपो और दोहरीकरण से बस्तर को होगा फायदा 
रेल जीएम परमेश्वर फूँकवाल ने खुलासा किया कि जगदलपुर में कोचिंग डिपो स्थापित करने का प्रस्ताव प्रक्रिया में है, जबकि रेल लाइन दोहरीकरण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जगदलपुर से नई यात्री ट्रेनों के संचालन की संभावना काफी बढ़ जाएगी। इससे बस्तर का रेल संपर्क मजबूत होगा, यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

ये सीनियर अधिकारी रहे मौजूद 
निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य सुरक्षा अधिकारी, प्रमुख मुख्य इलेक्ट्रिकल अधिकारी, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, प्रमुख मुख्य इंजीनियर, प्रमुख मुख्य ऑपरेशन मैनेजर, प्रमुख मुख्य मैकेनिकल इंजीनियर और प्रमुख मुख्य कमर्शियल मैनेजर सहित जोन और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

5379487