haribhoomi hindi news
सरगुजा के कलेक्टर अजीत वसंत ने  ग्राम भटको स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। जहां अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। 

आशीष कुमार- बतौली। छत्तीसगढ़ के सरगुजा के कलेक्टर अजीत वसंत शुक्रवार को बतौली के अचानक निरीक्षण पर पहुँचे। जहां ग्राम भटको स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (आश्रम) का निरीक्षण किया। आवासीय परिसर में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान छात्राओं द्वारा वर्तमान छात्रावास अधीक्षिका शांतिमनि कुजूर के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए गए, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को छात्रावास अधीक्षिका को हटाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए एवं आश्रम की सभी व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार किया जाए। 

Collector Ajit Vasant talking to school teachers
स्कूल के शिक्षकों से बातचीत करते कलेक्टर अजीत वसंत 

कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से की मुलाकात 
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बतौली की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने यहाँ पदस्थ डॉक्टर भारत के स्थानांतरण एवं नियमित बीएमओ की नियुक्ति की मांग रखी। कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी है तथा आमजन में सकारात्मक संदेश गया है।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी किया था निरीक्षण 
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा कस्तूरबा आश्रम का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई गई थी तथा सुधार के निर्देश दिए गए थे। लेकिन लंबे समय से पदस्थ अधीक्षिका की मनमानी के चलते व्यवस्थाओं में कोई ठोस सुधार नहीं हो सका, जिसका परिणाम आज कलेक्टर की सख्त कार्रवाई के रूप में सामने आया। 

पूर्व कलेक्टर अजीत वसंत ने किया था औचक निरीक्षण
इससे पूर्व कलेक्टर अजीत वसंत ने करदना हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। तत्पश्चात उन्होंने प्राथमिक शाला, पीडीएस भवन, मध्यान्ह भोजन केंद्र एवं निर्माणाधीन पीडीएस भवन का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाएगा और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। 

7