छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस चेकिंग के दौरान बस से 18.5 किलो चांदी के जेवर बरामद किए गए। आरोपी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जांच जारी।

मनहरण सोनवानी- बसना। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में ओडिशा से आ रही एक यात्री बस से भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद किए गए। करीब 46 लाख रुपये की इस खेप के साथ पकड़े गए आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद
​पुलिस ने जब बस के अंदर यात्रियों के सामान की तलाशी ली, तो एक संदिग्ध व्यक्ति के पास मौजूद बैग से भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद हुए। आरोपी की पहचान राज किशोर शर्मा के रूप में हुई है, जो कटक (ओडिशा) का रहने वाला है।

ये चीजें बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बैग से लगभग 600 नग चांदी की पायल बरामद हुई है, जिसका कुल वजन 18 किलो 590 ग्राम है। बाजार में इसकी कीमत करीब 46 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।

आरोपियों ने नहीं दी कोई वैध दस्तावेज
​जब पुलिस ने आरोपी से इन जेवरों के संबंध में वैध दस्तावेज या रसीद मांगी, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत चांदी को जब्त कर लिया है। फिलहाल, इस मामले की सूचना आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को दे दी गई है ताकि आगे की वित्तीय जांच की जा सके।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)