कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के गीधपुरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बताकर 4 हजार रुपये की ठगी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बलौदा बाजार जिले के गीधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बोहारडीह का है। यहां 5 अप्रैल को दो महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में शिकायत के बाद महिला परस बाई के खिलाफ गीधपुरी थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
फोन पे के माध्यम से 4 हजार रुपये की ठगी
इसी बीच, महिला के पति कृपाराम के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बताते हुए मामले में हस्तक्षेप करने और आपसी समझौता कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने बातों में उलझाकर फोन पे के माध्यम से 4 हजार रुपये की ठगी कर ली।
बलौदा बाजार जिले के गीधपुरी थाना क्षेत्र में एक ठग ने खुद को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बताकर फोन पे के जरिए 4 हजार रुपये की ठगी कर ली। @BalodaBazarDist pic.twitter.com/pc9Xums547
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 8, 2026
शिकायत लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा
जब कृपाराम को ठगे जाने का एहसास हुआ, तो वह शिकायत लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के पास पहुंचा। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल से जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।
पहले भी अन्य जिलों में ऐसे मामले मिले
पुलिस के अनुसार, इस तरह के फर्जी कॉल के मामले पहले रायपुर और बिलाईगढ़ जैसे जिलों में सामने आ चुके हैं, लेकिन बलौदा बाजार जिले में यह पहला मामला बताया जा रहा है।
पुलिस का नागरिकों से खास अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, अनजान फोन कॉल पर भरोसा न करें, किसी भी अधिकारी के नाम पर पैसे की मांग होने पर सतर्क रहें। ऐसे मामलों की तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत करें। फिलहाल, पुलिस साइबर जांच में जुटी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।









