Logo
बलौदा बाजार निवासी युवा कांग्रेस नेता रूपेश ठाकुर की असम में हार्ट अटैक से मौत हो गई है। जिले में शोक का माहौल बन गया है।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार शहर के युवा कांग्रेस नेता और नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष रूपेश ठाकुर का आसाम चुनाव प्रचार के दौरान तबीयत बिगड़ी और ईलाज के दौरान मौत हो गई। वे कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष भी थे। 

जिले में जैसे ही यह खबर आई शोक का वातावरण छा गया। रूपेश ठाकुर अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव की वजह से काफी लोकप्रिय थे और जिले के साथ ही प्रदेश स्तर की राजनीति में भी अच्छी खासी दखल रखते थे। वे असम चुनाव में रायपुर के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के साथ गये हुए थे, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और गुवाहाटी के हास्पिटल में इलाज किया जा रहा था, पर आज जिंदगी की जंग हार गये और सभी को रोता बिलखता छोड़ गये। 

Congress leader Rupesh Thakur Death

मंत्री वर्मा ने जताया शोक
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने शोक संदेश में कहा कि, रूपेश ठाकुर छोटा भाई था तथा सामाजिक कार्य व लोगों के सुख-दुख में साथ रहता था उसका इस तरह अचानक हम सबको छोड़कर जाना बहुत दुखद है। आज उसके निधन का समाचार मिला है मै इस दुखद घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं और ईश्वर से कामना करता हूं कि परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने बताया दुखद घटना
पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने घटना को बहुत ही दुखद बताया और कहा कि हम सब बलौदा बाजार जिले वासियों के बीच से एक उर्जावान सामाजिक कार्यकर्ता का इस तरह असमय जाना काफी दुखद है। ईश्वर परिवार को इस कठिन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

7