राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। नामकरण (छट्ठी) कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही महिलाओं से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और दो मासूम बच्चों सहित 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगचुवा थाना क्षेत्र के भंवरमरा गांव के पास की बताई जा रही है। गोटाटोला थाना क्षेत्र के पद्देटोला गांव से महिलाएं और बच्चे पिकअप में सवार होकर खड़बत्तर गांव में आयोजित छट्ठी (नामकरण) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
हादसा इतना भीषण था कि, मौके पर ही 65 वर्षीय मानबाई (पति बिदराम) की मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय नंदनी बाई कड़ियाम ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को हायर सेंटर राजनांदगांव रेफर किया गया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









