Logo
बालोद जिले के गुंडरदेही में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी भंडारण और बिजली गड़बड़ी पर आरा मिल सील। इस दौरान संचालक ने अधिकारियों को दी जान से मारने की धमकी।

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुंडरदेही क्षेत्र में स्थित एक आरा मिल को भारी मात्रा में अवैध लकड़ी संग्रहित करने और बिजली बिल में गड़बड़ी मिलने के बाद सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मिल संचालक ने अधिकारियों को धमकाने की भी कोशिश की, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने गुंडरदेही में संचालित शेख फिरोज आरा मिल पर छापा मारा है। जांच के दौरान यहां भारी मात्रा में अवैध रूप से लकड़ियों के गोले संग्रहित पाए गए। साथ ही बिजली बिल में भी गंभीर विसंगतियां सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से आरा मिल को सील कर दिया।

अधिकारियों और कर्मचारियों को जान से मारने की दी धमकी
कार्रवाई के दौरान आरा मिल के संचालक ने बौखलाकर शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया और वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। स्थिति को देखते हुए गुंडरदेही पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

दो दिन पहले भी 57 नग लकड़ी के गोले किए थे जब्त 
उल्लेखनीय है कि, वन विभाग लगातार अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान चला रहा है। दो दिन पहले ही डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के टटेंगा चौक में अवैध रूप से लकड़ी परिवहन करते हुए दो ट्रकों को पकड़ा गया था, जिनसे 57 नग लकड़ी के गोले जब्त किए गए थे।

7