haribhoomi hindi news
बालोद जिले में कलेक्टर ने सुबह-सुबह औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों की पोल खोली। नगर पालिका और PWD अधिकारियों को फटकार लगाई।

राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लचर व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार सुबह से ही शहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई, अतिक्रमण, निर्माण कार्य और सड़क चौड़ीकरण जैसी कई व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिलने पर कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी और व्यवस्था में तुरंत सुधार के निर्देश दिए। वहीं, पुराने बस स्टैंड स्थित कॉम्प्लेक्स में गलत तरीके से हो रहे निर्माण को लेकर भी पालिका प्रशासन पर नाराजगी जताई गई।

कलेक्टर ने PWD के अधिकारियों को लगाई जमकर फटकार
कलेक्टर ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए इसे हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही बालोद-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कार्य में देरी को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को भी जमकर फटकार पड़ी।

दूध गंगा को सील करने के दिए निर्देश 
निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर मामला दूध गंगा क्षेत्र में सामने आया, जहां नालियों का गंदा पानी खुले में बहता मिला और एक मिठाई फैक्ट्री के अंदर तक पहुंचता देखा गया। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाही के चलते दूध गंगा को तत्काल सील करने के निर्देश दिए।

मौके पर अन्य अधिकारी भी रहे मौजूद 
इस पूरे निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ, शहर एसडीएम नूतन कंवर, तहसीलदार, नगर पालिका अध्यक्ष एवं सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्था में सुधार हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7