Logo
रायपुर और बिलासपुर के यात्रियों की लाइफ-लाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें अप्रैल में 11 दिनों तक रद्द रहेंगी।

रायपुर। रायपुर और बिलासपुर के यात्रियों की लाइफ-लाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें अप्रैल में 11 दिनों तक रद्द रहेंगी। दैनिक नियमित यात्रियों को दफ्तर और अपने कार्यस्थल तक आने और घर लौटने के लिए एक्सप्रेस ट्रेनों का सहारा लेना होगा, क्योंकि रायपुर और बिलासपुर से चलने वाली 11 लोकल ट्रेनें 31 मार्च से 11 अप्रैल तक रद्द रहेंगी। बता दें कि हावड़ा-मुंबई मुख्य लाइन पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

इस कड़ी में बिलासपुर-चांपा सेक्शन के मध्य अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन/नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। खास बात यह भी है कि 4 से 24 अप्रैल के बीच शालीमार, छत्तीसगढ़, गोंडवाना और समता एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। एक तरफ एक्सप्रेस ट्रेनों के अभाव से यात्रियों को दिक्कत होगी, वहीं रायपुर से बिलासपुर जाने के लिए मेमू ट्रेनों का भी टोटा रहेगा। कुल मिलाकर अप्रैल में रेल यात्रियों का सफर काफी मुश्किल होने वाला है।

एक्सप्रेस की जगह पैसेंजर बनकर चलेगी हसदेव एक्सप्रेस
11 लोकल ट्रेनों को रद्द करने के बाद रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को नियमित रूप से चलाने का फैसला लिया है, लेकिन यह ट्रेन एक्सप्रेस की जगह 31 मार्च 2026 से 11 अप्रैल 2026 तक कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के मध्य पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी। चूंकि यह ट्रेन रायपुर से बिलासपुर के बीच लोकल की तरह चलेगी, इसलिए सुबह और शाम के वक्त इस ट्रेन में यात्रियों का दबाव दोगुना होगा।

यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
रायपुर से बिलासपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों की संख्या रोजाना 10 हजार से अधिक है। एमएसटी कार्ड से सफर करने वाले भी 8 हजार से अधिक हैं। ऐसे में एक साथ 11 लोकल ट्रेनों के रद्द होने से रोज 30 हजार से भी अधिक यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सुबह 11 बजे तक रायपुर पहुंचने वाली कोई ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने घर से जल्दी निकलना होगा। सुबह और शाम के वक्त अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों का दबाव काफी बढ़ जाएगा।

  • 68738/68737: बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 68735: रायगढ़- बिलासपुर मेमू पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 68736 : बिलासपुर- रायगढ़ मेमू पैसेंजर (30 मार्च से 10 अप्रैल)
  • 68746: रायपुर- गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (30 मार्च से 10 अप्रैल)
  • 68745: गेवरा रोड- रायपुर मेमू पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 58204: रायपुर-कोरबा पैसेंजर (30 मार्च से 10 अप्रैल)
  • 58203: कोरबा- रायपुर पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 68734/68733: बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 68732/68731: बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल)
  • 58210: बिलासपुर-गेवरा रोड पैसेंजर (05 अप्रैल से 11 अप्रैल)
  • 68861: गोंदिया- झार सुगुड़ा पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी तथा बिलासपुर-झारसुगुड़ा के मध्य रद्द रहेगी)
  • 68862: झारसुगुड़ा- गोंदिया पैसेंजर (31 मार्च से 11 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन से प्रारम्भ होगी तथा झारसुगुड़ा-बिलासपुर do के मध्य रद्द रहेगी)
7