Logo
राजिम में पापमोचनी एकादशी के अवसर पर साहू छात्रावास परिसर में संत शिरोमणि माता कर्मा जी की 1010वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

श्यामकिशोर शर्मा- राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम में पापमोचनी एकादशी के पावन अवसर पर 15 मार्च 2026, रविवार को राजिम भक्तिन माता समिति एवं नगर साहू संघ राजिम के संयुक्त तत्वावधान में साहू छात्रावास परिसर में दोपहर 12:00 बजे संत शिरोमणि माता कर्मा जी की 1010वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ साहू समाज की आराध्य देवी, भगवान श्रीकृष्ण की परम भक्त, त्याग-तपस्या, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति माता कर्मा जी के तेल चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं खिचड़ी का भोग लगाकर किया गया। तत्पश्चात विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

1माता कर्मा जी का संघर्षमय जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत- साहू
पूजा पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने कहा कि, माता कर्मा जी का संघर्षमय जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए आदर्शों पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। आशा, श्रद्धा, विश्वास और त्याग-तपस्या की प्रतिमूर्ति माता कर्मा जी ने अपने जीवन संघर्ष से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने आगे कहा कि, माता कर्मा की भक्ति में इतनी शक्ति थी कि भगवान श्रीकृष्ण को स्वयं उनके हाथों से बनी खिचड़ी ग्रहण करने आना पड़ा। यह उनकी निष्कलंक और सच्ची भक्ति का सर्वोच्च उदाहरण है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित 
इस अवसर पर राजिम भक्तिन माता समिति के महामंत्री रामकुमार साहू, कोषाध्यक्ष भोले साहू, संगठन मंत्री डॉ. ओंकार साहू, अमृतलाल साहू, तरुण साहू सहित नगर साहू संघ राजिम के अध्यक्ष रामकुमार साहू, उपाध्यक्ष संतोष साहू, संरक्षक झाड़ूराम साहू, सचिव राजू साहू पूर्व पार्षद नंदकिशोर शर्मा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष शिवराज देवांगन सहित बड़ी संख्या में समाजजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

साहू संघ ने दी बधाई
कार्यक्रम के अंत में नगर साहू संघ राजिम के अध्यक्ष रामकुमार साहू ने समस्त समाजजनों को राजिम भक्तिन माता समिति की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और माता कर्मा जी से समाज की एकता, संस्कार, सद्भाव और निरंतर प्रगति की मंगल कामना की।

7