Sasaram Crime news: बिहार के सासाराम से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मजदूरी के पैसे मांगना एक गरीब मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ। सासाराम के अरवल गांव स्थित एक ईंट भट्ठा संचालक पर आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राजेश मांझी नाम के मजदूर की बेरहमी से पिटाई की, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मजदूरी मांगने पर लाठी-डंडों और जूतों से पिटाई
मृतक राजेश मांझी हिलसा के मोनिंदपुर गांव का निवासी था और पिछले तीन महीनों से सासाराम में ईंट भट्ठे पर काम कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि तीन महीने की मजदूरी बकाया होने पर जब राजेश ने पैसे मांगे, तो संचालक और उसके बेटों ने उसे लाठी-डंडों और जूतों से लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे पटना के एनएमसीएच (NMCH) में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
20 अप्रैल को थी दो बेटों की बारात, अब टल गई शादी
इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। मृतक राजेश के दो बेटों, सूरज और विकास की शादी इसी महीने 20 अप्रैल को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन पिता की मौत ने सब कुछ उजाड़ दिया। अब श्राद्ध कर्म के कारण शादी टालनी पड़ रही है, जिससे दूल्हे और लड़की वाले दोनों ही गहरे सदमे में हैं।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप, जीरो एफआईआर दर्ज
परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद स्थानीय थाने ने प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी की। काफी मशक्कत और डीएसपी को आवेदन देने के बाद, अंततः हिलसा पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' दर्ज कर मामले को सासाराम के अरवल थाना भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आरोपी भट्ठा संचालक फरार बताया जा रहा है।
24 घंटों के भीतर कई घटनाएं
बिहार में पिछले 24 घंटों के भीतर अपराध की कई भयावह घटनाएं सामने आई हैं। सासाराम की इस घटना के अलावा अररिया के फारबिसगंज में भी एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला हुआ, जहां मामूली विवाद में एक सत्तू विक्रेता ने पिकअप चालक का सिर कलम कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद उग्र भीड़ ने आरोपी की पीट-पीटकर जान ले ली। इन घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
राजेश मांझी की मौत के बाद उसके पैतृक गांव मोनिंदपुर में तनाव का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।