रोहतास में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां पति धर्मेंद्र ने अपनी पत्नी मंजू की शादी उसके प्रेमी से मंदिर में करवाई। पंचायत के फैसले के बाद 4 साल का बच्चा भी मां के साथ चला गया।

Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड से एक ऐसी खबर आई है जो किसी फिल्मी पटकथा जैसी लगती है। यहां एक शख्स ने समाज और पंचायत के सामने मिसाल पेश करते हुए अपनी पत्नी की शादी उसके ही प्रेमी से करवा दी। यह अनोखा विवाह दिनारा के एक मंदिर में संपन्न हुआ, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।

दिल्ली में शुरू हुआ 'वो' और पत्नी का किस्सा
जानकारी के मुताबिक, करमैनी गांव के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार की शादी साल 2021 में मंजू देवी से हुई थी। दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है। धर्मेंद्र अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहकर काम करता था। इसी दौरान धर्मेंद्र का एक दोस्त उनके संपर्क में आया। धीरे-धीरे मंजू और उस युवक के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया। पति को इस बात की भनक तक नहीं थी कि उसका दोस्त ही उसकी गृहस्थी में सेंध लगा रहा है।

होली पर गांव वापसी और रंगे हाथ पकड़े गए प्रेमी
होली के त्यौहार पर सभी गांव लौटे थे। कुछ दिन पहले धर्मेंद्र काम के सिलसिले में गुजरात चला गया, जबकि मंजू अपने मायके नटवार गांव में रुक गई। इसी बीच उसका प्रेमी भी गांव पहुंच गया। गुरुवार की रात दोनों को परिजनों ने एक कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद गांव में भारी हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने प्रेमी युवक की जमकर धुनाई भी कर दी।

पंचायत का फैसला और पति की दरियादिली
मामला बढ़ता देख गांव में पंचायत बुलाई गई। रात भर चली मान-मनौव्वल के बाद भी मंजू अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। इधर गुजरात से धर्मेंद्र भी वापस आ गया। स्थिति को भांपते हुए और विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने के उद्देश्य से पंचायत ने दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। धर्मेंद्र ने भी अपनी सहमति दे दी और खुद अपनी पत्नी का कन्यादान जैसी रस्म निभाते हुए उसे प्रेमी को सौंप दिया।

बच्चे का क्या हुआ?
पंचायत और दोनों परिवारों की मौजूदगी में शुक्रवार सुबह दिनारा पीएचसी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। पंचायत ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए 4 साल के मासूम बच्चे को उसकी मां (मंजू) के पास ही रखने का निर्णय लिया ताकि बच्चे की परवरिश प्रभावित न हो। अब मंजू अपने नए पति और बच्चे के साथ नई जिंदगी शुरू करेगी।