Rajya Sabha Election 2026: बिहार में राज्यसभा चुनाव 2026 (Rajya Sabha Election 2026) की सरगर्मी तेज हो गई है। पटना में एनडीए (NDA) के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर हुआ। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एनडीए के सभी पांच उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए 'चुनावी चक्रव्यूह' तैयार करना था। बैठक में भाजपा, जदयू, हम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं ने संख्या बल और वोटिंग के गणित पर गहन मंथन किया।
पांचवीं सीट के लिए 'खेला' होने के संकेत?
एनडीए के पास फिलहाल चार सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त आंकड़े हैं, लेकिन पांचवें उम्मीदवार की राह में कुछ वोटों की कमी है। सूत्रों के मुताबिक, एनडीए को पांचवीं सीट सुरक्षित करने के लिए करीब 3 अतिरिक्त वोटों की दरकार है। इसी कमी को पूरा करने के लिए बैठक में विशेष रणनीति बनाई गई। चर्चा है कि एनडीए निर्दलीय या असंतुष्ट विपक्षी विधायकों के सहारे इस सीट को अपने पाले में लाने की तैयारी में है।
JDU का बड़ा दावा: "विपक्ष के 12 विधायक हमारे साथ"
बैठक के बाद जेडीयू (JDU) कोटे से मंत्री अशोक चौधरी और अन्य विधायकों के बयानों ने बिहार की राजनीति में खलबली मचा दी है। अशोक चौधरी ने दावा किया कि विपक्ष के करीब 12 विधायक एनडीए नेताओं के संपर्क में हैं। विधायक पंकज मिश्रा और रंजन कुमार ने भी इस सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि विपक्षी खेमे में टूट तय है और कई विधायक एनडीए उम्मीदवारों को वोट करने के लिए तैयार हैं।
एनडीए नेताओं ने भरी हुंकार
बैठक के बाद नेताओं के हौसले बुलंद दिखे। बिहार सरकार में मंत्री और जदयू नेता जमा खां ने कहा, "आरजेडी और एआईएमआईएम के बीच क्या खिचड़ी पक रही है, यह समय बताएगा। लेकिन इतना तय है कि जीत एनडीए की ही होगी।"
विधायक स्नेहलता ने जोर देकर कहा, "एनडीए के सभी पांच उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे, हमें अपने गठबंधन की एकजुटता पर पूरा भरोसा है।"
विपक्ष की घेराबंदी और एनडीए की तैयारी
बिहार विधानसभा के मौजूदा समीकरणों को देखते हुए राज्यसभा की यह जंग काफी दिलचस्प हो गई है। एक तरफ जहां राजद अपने गठबंधन को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं एनडीए 'संपर्क' की राजनीति के जरिए पांचवीं सीट पर कब्जा जमाने की फिराक में है। सम्राट चौधरी के आवास पर हुई इस बैठक में सभी सहयोगी दलों ने एक सुर में कहा कि वे एकजुट हैं और चुनावी मैदान में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं।