Logo
पटना के फुलवारी शरीफ में 16 वर्षीया छात्रा पिंकी कुमारी की हॉस्टल की छत से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है।

Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के हरिनगर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां फंडामेंटल कोचिंग में पढ़ने वाली 16 वर्षीया छात्रा पिंकी कुमारी की हॉस्टल की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद कोचिंग और हॉस्टल प्रबंधन के लोग उसे इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है और पुलिस के सामने नीट (NEET) छात्रा मामले के बाद अब यह एक नई चुनौती बनकर उभरी है।

दो युवक हिरासत में
पुलिस ने घटना की जांच के लिए हॉस्टल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। एक फुटेज में बड़ी लीड मिली है, जिसमें छात्रा पिंकी कुमारी सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाती दिख रही है और उसके ठीक पीछे दो युवक भी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा जिस हिस्से से गिरी, वहां आमतौर पर छात्रों या अन्य लोगों का आना-जाना बहुत कम होता है।

भाई का गंभीर आरोप: 'धक्का देकर छत से गिराया गया'
मृतक छात्रा के भाई ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि पिंकी की हत्या की गई है। भाई का कहना है कि उसे सोची-समझी साजिश के तहत धक्का देकर छत से नीचे गिराया गया। घटनास्थल पर छात्रा की चप्पलें बरामद हुई हैं, जो संदेहास्पद स्थिति की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हर एंगल से जांच जारी
मामले की गंभीरता और परिजनों के आरोपों को देखते हुए एफएसएल (Forensic Science Lab) की टीम को भी बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने छत और उस स्थान के नमूने लिए हैं जहां से छात्रा गिरी थी। पुलिस पदाधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हॉस्टल के अन्य छात्रों, वार्डन और कोचिंग कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि उन दो युवकों का छात्रा के साथ क्या संबंध था और वे छत पर क्यों गए थे।

5379487