Patna Encounter News: बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के पंडारक दियारा इलाके में सोमवार दोपहर पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी धीरज कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर कुल पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं।
वर्चस्व की जंग और जबरन फसल कटनी की थी सूचना
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडारक के दियारा क्षेत्र में दो आपराधिक गुट सरसों की फसल जबरन काटने और वर्चस्व स्थापित करने के लिए भारी हथियारों के साथ जुटे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और कई थानों की पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस को अपनी ओर आते देख अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने करीब 30 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं।
पैर मेंलगी गोली, 4 ने किया सरेंडर
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात बदमाश धीरज कुमार (30 वर्ष) के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह खेत में ही गिर पड़ा। धीरज के गिरते ही उसके अन्य चार साथियों ने पुलिस के दबाव में अपने हथियार डाल दिए और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने घायल धीरज को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, गोली पैर के आर-पार हो गई है।
भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो वहां से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो राइफल और एक बंदूक, एक रिवाल्वर और 59 जिंदा कारतूस और कई खोखे बरामद किए हैं।
गिरफ्तार धीरज कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कदमकुआं व भदौर थानों में आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
परिजनों का दावा- खेत देखने गया था भतीजा
एक तरफ जहाँ पुलिस धीरज को कुख्यात अपराधी बता रही है, वहीं उसके परिजनों का कहना कुछ और ही है। धीरज के चाचा ने दावा किया कि उनका भतीजा निर्दोष है और वह केवल खेत देखने के लिए दियारा गया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौके से बरामद हथियार और धीरज का पुराना रिकॉर्ड उसकी संलिप्तता को साफ करता है। इस ऑपरेशन के दौरान उबड़-खाबड़ रास्तों पर नाकाबंदी करते हुए कई पुलिसकर्मी भी गिरकर चोटिल हुए हैं। ग्रामीण एसपी और डीएसपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।