Bihar New CM: बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसद रामप्रीत मंडल ने शनिवार को एक बड़ा बयान देकर सियासी हलकों में खलबली मचा दी है। उन्होंने दावा किया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) से होगा, जबकि जेडीयू के कोटे से दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे।
निशांत कुमार के नाम पर लगी 'मुहर'
झंझारपुर से जेडीयू सांसद रामप्रीत मंडल के अनुसार, नई सरकार में जेडीयू की ओर से दो उप-मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि इनमें से एक नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का लगभग फाइनल हो चुका है। बता दें कि निशांत ने हाल ही में सक्रिय राजनीति में कदम रखा है और जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। अगर ऐसा होता है, तो यह निशांत कुमार का सीधा सत्ता के शीर्ष पदों पर 'पॉलिटिकल डेब्यू' होगा।
नीतीश कुमार जल्द देंगे इस्तीफा, बुलाई गई बैठक
नीतीश कुमार अब राज्यसभा के सदस्य बन चुके हैं, ऐसे में उनका मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना तय है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार जल्द ही एनडीए विधानमंडल दल की बैठक बुलाएंगे। इसी बैठक में वह अपने इस्तीफे का औपचारिक ऐलान करेंगे और फिर राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपेंगे। इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
भाजपा से कौन बनेगा मुख्यमंत्री? रेस में ये नाम
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए कई दिग्गजों के नाम चर्चा में हैं। रेस में सबसे आगे वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम चल रहा है। उनके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद संजय जायसवाल और रेणु देवी के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि 15 अप्रैल के आसपास नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
निशांत कुमार की राजनीति में बढ़ती सक्रियता
करीब एक महीने पहले राजनीति में आने वाले निशांत कुमार ने बहुत कम समय में पार्टी के भीतर अपनी पकड़ मजबूत की है। जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद से वह लगातार पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं और फीडबैक ले रहे हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उठती रही है, लेकिन वर्तमान फॉर्मूले के अनुसार उन्हें डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
कैसा होगा नई सरकार का स्वरूप?
सांसद रामप्रीत मंडल ने बताया कि वर्तमान में जेडीयू का मुख्यमंत्री और भाजपा के दो डिप्टी सीएम हैं। इसी फॉर्मूले को पलटते हुए नई सरकार में भाजपा का मुख्यमंत्री और जेडीयू के दो डिप्टी सीएम होने की संभावना है। हालांकि, अभी तक एनडीए के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सांसद के इस बयान ने बिहार की भावी राजनीति की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है।










