Logo
बिहार के कैमूर जिले की एक नाबालिग लड़की को राजस्थान में 2 लाख रुपये में बेचने और जबरन शादी कराने का मामला। पुलिस ने आरोपी सुभाष भामू को राजस्थान से गिरफ्तार किया।

Bihar News: बिहार के कैमूर जिले से मानव तस्करी का एक रूहानी मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को नौकरी का झांसा देकर राजस्थान ले जाया गया और वहां उसे दो लाख रुपये में बेच दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है और लड़की को खरीदने वाले आरोपी को राजस्थान के चुरू जिले से गिरफ्तार कर बिहार लाया गया है।

नौकरी का झांसा देकर राजस्थान में किया सौदा
कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को सीकर निवासी महेश कुमार नामक व्यक्ति ने दिसंबर 2025 में बेहतर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी उसे अपने साथ राजस्थान ले गया, लेकिन वहां उसने बच्ची को नौकरी दिलाने के बजाय चुरू जिले के रहने वाले सुभाष भामू को दो लाख रुपये में बेच दिया। सुभाष ने नाबालिग लड़की को खरीदने के बाद उससे जबरन शादी रचा ली और उसे अपने घर में कैद रखा।

एसपी के निर्देश पर विशेष टीम की बड़ी कार्रवाई
पीड़िता के परिजनों ने पिछले सप्ताह कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद और महिला पुलिसकर्मी शामिल थे।

तकनीकी सेल की मदद से टीम ने राजस्थान के चुरू जिले के खरियाबाद बस्ती में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने पीड़िता को बरामद करने के साथ ही आरोपी सुभाष भामू को धर दबोचा।

न्यायालय में दर्ज होगा पीड़िता का बयान
एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बरामद नाबालिग लड़की का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। इसके साथ ही न्यायालय में उसका धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा, ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल सकें।

पुलिस अब उस मुख्य दलाल महेश कुमार की तलाश में जुटी है, जिसने लड़की को बेचने का सौदा किया था। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।

कैमूर में पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
कैमूर जिले में लड़कियों को पैसे लेकर राजस्थान के लोगों से शादी कराने वाला गिरोह सक्रिय रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहले भी भभुआ और भगवानपुर थाना क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं। दलाल लोग गरीब परिवारों की लड़कियों को निशाना बनाते हैं और उन्हें राजस्थान ले जाकर बेच देते हैं। कई मामलों में तो शादी के बाद दूल्हे के साथ मारपीट कर लड़की को दोबारा छीन लेने और फिर से किसी और को बेचने के गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ है।

5379487