Logo
बिहार के दरभंगा में बिरौल-गंडोल मुख्य सड़क पर हुए हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अंकित, पंकज और विवेक ने दम तोड़ दिया। गांव में पसरा मातम।

Darbhanga Road Accident: दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिरौल-गंडोल मुख्य सड़क (SH-17) पर बुधवार की शाम एक हृदयविदारक घटना घटी। बड़गांव थाना क्षेत्र के अखतवाड़ा गांव के रहने वाले तीन किशोर- अंकित कुमार (17), पंकज कुमार सहनी (17) और विवेक कुमार (16) क्रिकेट मैच खेलकर अपनी बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सोनपुर क्रॉसिंग के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों किशोरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों के मना करने के बाद भी बाजार गए थे किशोर
मृतक विवेक के चाचा और होमगार्ड के रिटायर्ड जवान बैद्यनाथ सहनी ने बताया कि घर के सदस्यों ने तीनों लड़कों को शाम के समय सुपौल बाजार जाने से मना किया था। लेकिन वे उनकी बाइक लेकर घूमने निकल गए। हादसे की खबर मिलते ही सुपौल बाजार स्थित निजी अस्पताल में हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

एक ही गांव के तीन होनहार युवाओं की मौत की खबर जैसे ही अखतवाड़ा पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिरौल थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेजा गया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है।

गांव में पसरा सन्नाटा
ग्रामीणों के अनुसार, अंकित, विवेक और पंकज गांव के सबसे होनहार लड़कों में शामिल थे। खेल के प्रति उनकी रुचि और मिलनसार स्वभाव के कारण पूरा गांव उन्हें पसंद करता था। बुधवार की देर शाम जब तीनों के शव गांव पहुंचे, तो हर किसी की आंखें नम थीं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

5379487