Logo
Who is Sajeevan Sajana: वुमेंस प्रीमियर लीग के ओपनिंग मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर हराया। इस मुकाबले में सजीवन सजना ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर मुंबई को जीत दिलाई। आइए जानते हैं कौन हैं सजीवन।

Who is Sajeevan Sajana: वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 का शुक्रवार को आगाज हुआ। सितारों से सजी ओपनिंग सेरेमनी के बाद मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसका नतीजा आखिरी गेंद पर आया और जीत मुंबई की झोली में आई। मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने का काम सजीवन सजना ने किया। अपने डेब्यू मैच की पहली गेंद पर ही सजीवन ने छक्का मारकर मुंबई को रोमांचक जीत दिलाई। दरअसल, इस मुकाबले में मुंबई को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 5 रन चाहिए थे और सजीवन ने दिल्ली की गेंदबाज एलिस काप्से की गेंद पर आगे निकलकर हवाई फायर किया। गेंद सीधा बाउंड्री के पार जाकर गिरी और इस तरह सजना ने मुंबई को जीत दिला दी। 

इसके बाद से ही सब ये जानना चाह रहे हैं कि आखिर सजीवन सजना हैं कौन और कहां से आती हैं और किस राज्य की तरफ से खेलती हैं। आइए आपको इस खिलाड़ी के बारे में बताते हैं। 

कौन हैं सजीवन सजना?
बता दें कि 29 साल की सजीवन सजना ऑलराउंडर हैं। वो दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। वो केरल के वायनाड से आती हैं। वो केरल की महिला टीम की तरफ से खेल चुकी हैं। लेकिन, उन्हें अबतक भारत की तरफ से डेब्यू का मौका नहीं मिला है। सजीवन WPL 2023 Auction में अनसोल्ड रहीं थीं। लेकिन, वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 के लिए हुई नीलामी में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। 

सजना ने 18 साल की उम्र तक तो असली क्रिकेट बैट भी नहीं पकड़ा था। वो प्लास्टिक और नारियल की लकड़ी से बने बैट से खेलती थीं। 2015 और फिर 2017 में केरल की महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुनी गईं थीं। 

सजना के पिता ऑटो ड्राइवर हैं
सजना सजीवन के पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं जबकि उनकी मां शारदा पार्षद हैं। सजना मिन्नू मणि के बाद WPL में खेलने वालीं केरल की कुरिचिया जनजाति की दूसरी क्रिकेटर हैं। केरल में 2018 में आई बाढ़ में सजना सजीवन ने सब गंवा दिया था। इसके बावजूद वो टूटी नहीं और क्रिकेट खेलने की जिद ने वुमेंस प्रीमियर लीग तक पहुंचा दिया और अपने WPL डेब्यू की पहली गेंद पर छक्का मार उन्होंने मुंबई इंडियंस को जीत दिला दी। 

मैच की अगर बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने आखिरी गेंद पर 4 विकेट से मैच जीता। 

5379487