Logo
election banner
Who is Abhishek Porel: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 174 रन बनाए। दिल्ली के 21 साल के युवा विकेटकीपर अभिषेक पोरेल ने आखिरी ओवर में 25 रन कूटे। उन्हें पिछले साल ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम से जोड़ा गया था।

नई दिल्ली। आईपीएल 2024 के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स का सामना पंजाब किंग्स से हो रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। 14 महीने बाद वापसी करने वाले ऋषभ पंत बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 18 रन बनाकर आउट हो गए। दिल्ली का स्कोर और कम होता। अगर 21 साल के युवा विकेटकीपर बैटर अभिषेक पोरेल ने आखिरी ओवर में अगर 25 रन कूटे नहीं होते। 

एक समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन था। अक्षर पटेल आउट होकर पवेलियन लौटे थे और 13 गेंद बाकी थी। इसी स्कोर पर बंगाल के युवा विकेटकीपर अभिषेक पोरेल को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतारा गया था और अपनी तीसरी ही गेंद पर उन्होंने चौका जड़ अपने इरादे जता दिए थे। इसके अगले ओवर में सुमित कुमार भी आउट हो गए। लेकिन, पोरेल कुछ और ही इरादा करके बैठे थे। 

पोरेल ने 25 रन कूटे हैं
19वें ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 8 विकेट पर 149 रन था। ऐसा लग रहा था कि दिल्ली की टीम 160 रन के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाएगी। पंजाब किंग्स की तरफ से आखिरी ओवर हर्षल पटेल फेंकने आए। हर्षल ने पहली गेंद शॉर्ट फेंकी। लेकिन, पोरेल ने इस पर चौका जड़ दिया। अगली गेंद भी स्लोअर थी और इस पर पोरेल ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का मार दिया। अगली दो गेंद का भी पोरेल ने ऐसा ही कुछ अंजाम किया और लगातार दो चौके मारे। 

हर्षल की पांचवीं गेंद पर पोरेल ने स्क्वेयर लेग बाउंड्री के ऊपर से छक्का मार दिया। आखिरी गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में कुलदीप रन आउट हो गए। इस तरह पोरेल ने आखिरी 6 गेंद में 25 रन बटोरे और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर अपनी छाप छोड़ी और दिल्ली ने 174 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। अभिषेक ने 10 गेंद में नाबाद 32 रन ठोके। 

कौन हैं अभिषेक पोरेल?
अभिषेक बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। पिछले साल ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के रूप में दिल्ली कैपिटल्स ने इस युवा विकेटकीपर को अपने साथ जोड़ा था। पिछले आईपीएल में अभिषेक ने 4 मैच में 33 रन बनाए थे। उन्होंने अबतक 14 टी20 में 140 के स्ट्र्राइक रेट से 294 रन बनाए हैं। वो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक शतक और 9 अर्धशतक लगा चुके हैं। 

5379487