IPL 2026: बांग्लादेश में इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण को लेकर बड़ी राहत भरी खबर आई। नई सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में आईपीएल 2026 के मुकाबलों के लाइव टेलिकास्ट पर किसी तरह की कोई रोक नहीं। सूचना एवं प्रसारण मंत्री जाहिरुद्दीन स्वपन ने कहा कि सरकार खेल और राजनीति को अलग रखेगी और इस मामले को पूरी तरह व्यावसायिक नजरिए से देखेगी।
मंत्री ने कहा कि अगर कोई ब्रॉडकास्टर आईपीएल दिखाना चाहता है, तो वह आवेदन कर सकता और सरकार उसे सकारात्मक रूप से देखेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि सरकार किसी चैनल पर न तो रोक लगाएगी और न ही किसी को मजबूर करेगी। उनका कहना था कि अगर स्टार स्पोर्ट्स या कोई स्थानीय चैनल आईपीएल का प्रसारण करना चाहता है तो उसके इसकी पूरी छूट मिलेगी।
बांग्लादेश पर आईपीएल का लाइव टेलिकास्ट होगा?
दरअसल, इससे पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी थी, जिससे ब्रॉडकास्टर्स और केबल ऑपरेटर्स के बीच अनिश्चितता पैदा हो गई थी। लेकिन नई सरकार ने उस फैसले से पीछे हटते हुए अब खुला रुख अपनाया है।
सरकार ने पिछले बैन के फैसले पर रुख बदला
इस फैसले का समर्थन केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश ने भी किया। एसोसिएशन के पदाधिकारी रेजाउल करीम लाबलू ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई निर्देश नहीं है, जिससे आईपीएल के लाइव टेलिकास्ट को रोका जाए। उन्होंने साफ किया कि जब तक सरकार की ओर से नया आदेश नहीं आता, तब तक ऑपरेटर्स किसी भी चैनल का सिग्नल ब्लॉक नहीं करेंगे।
लाबलू ने यह भी कहा कि पूर्व अंतरिम सरकार, जिसका नेतृत्व मोहम्मद युनूस कर रहे थे, द्वारा जारी निर्देश अब लागू नहीं हैं। ऐसे में आईपीएल का प्रसारण पूरी तरह संभव है।
मुस्तफिजुर रहमान के कारण हुआ था विवाद
गौरतलब है कि पहले आईपीएल के लाइव टेलिकास्ट पर रोक लगाने का फैसला उस समय लिया गया था, जब बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने को कहा था। इसके बाद विवाद बढ़ा और आईपीएल टेलीकास्ट पर रोक लगा दी गई थी।
हालांकि अब नई सरकार के इस फैसले के बाद बांग्लादेश में लीग के प्रसारण का रास्ता साफ हो गया है। इससे क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह बढ़ेगा और ब्रॉडकास्टर्स के लिए भी यह एक बड़ा व्यावसायिक मौका साबित हो सकता है।









