महेश मिश्रा- कवर्धा। हरिभूमि-आईएनएच के जिला संवाद कार्यक्रम में कवर्धा के विधायक और राज्य में गृहमंत्री का दायित्व संभाल रहे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के सवाल के जवाब में कहा कि, उन्हें नक्सलवाद के खात्मे के लिए ताकंत कवर्धा की जनता से ही मिली है। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा, सांसद संतोष पांडे और पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर से भी खुलकर संवाद हुआ। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजनों और जिले के कलेक्टर-एसपी से भी विकास को लेकर सवाल-जवाब हुए।
कवर्धा का विकास प्राथमिकता
31 मार्च तक केंद्रीय गृहमंत्री के नक्सलवाद के खात्मे को लेकर दी गई डेडलाइन पर कार्य करने का दबाव प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा पर होने को लेकर डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने सवाल किया कि आपसे काफी उम्मीदें बंधी हैं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए आप जुटे हुए हैं, ऐसे में कवर्धा के लिए ध्यान दे पाते हैं या नहीं ?जनता की ताकत से ही हम बस्तर में काम कर पा रहे: शर्मा
इस पर गृह एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, यह कवर्धा क्षेत्र की जनता की ताकत ही है, जो हम बस्तर में काम कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, जब कवर्धा की बात आती है तो पार्टी और राजनीति से परे होकर हम केवल कवर्धा के लिए सोंचते हैं। उन्होंने कहा कि कवर्धा के लिए महत्वपूर्ण यहां के जिला अस्पताल को 100 से 200 बिस्तर ल-का किया गया। यहां मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ। जिसका निर्माण कार्य अभी हो रहा है।
पीएम आवास से लगभग 50 हजार से अधिक आवास स्वीकृत
स्वास्थ्य के क्षेत्र में 4 करोड़ की सीटी स्कैन मशीन लगाई गई है। जिसका लाभ यहां की जनता को मिलेगा। उन्होंने बताया कि, भोरमदेव क्षेत्र में 146 करोड़ रुपए के विभिन्न उन्नयन के कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से लगभग 50 हजार से अधिक यहां आवास स्वीकृत हुए हैं और 100 से अधिक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के -तहत काम हो रहा है।
शुगर फैक्ट्री में गन्ने की कमी को लेकर भी हुई चर्चा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, यहां कावड़ियों के लिए बड़ा डोम भी बनाया जा रहा है। स्थानीय प्रदेश सरकार के साथ ही हम दिल्ली से भी काम लाकर कर करा रहे हैं। वहीं उन्होंने कांग्रेस की पूर्व सरकार को घेरते कहा कि, पिछले 5 साल में कोई काम नहीं हुआ। शुगर फैक्ट्री में गन्ने की कमी को लेकर कहा कि, ढाई लाख मीट्रिक टन गन्ने का उत्पादन कवर्धा और सवा लाख पंडरिया में हुआ। इस दौरान गुड़ की कई फैक्ट्रयां खुलने से गन्ने की कमी थी। हमने किसानों को समझाया कि यह शुगर फैक्ट्री किसानों की सहकारिता के माध्यम से चलनी चाहिए। हमने किसानों से गन्ना देने अनुबंध कराया।
जनता ने भूपेश को हराकर वापस भेजा : संतोष पांडे
सांसद संतोष पांडे द्वारा पहला चुनाव एक लाख मतों से और दूसरा चुनाव लगभग 44 हजार मतों से जीतने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय अफवाह फैलाती थी। कहा जाता था कि संविधान खत्म हो जाएगा, जिसका कुछ नुकसान मुझे हुआ। उन्होंने कहा कि हममें भी कुछ कमियां रही होगी। जिसकी हम समीक्षा करेंगे। वहीं दूसरे कार्यकाल के चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सामने चुनाव लड़ने के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि भूपेश ने सब प्रकार का प्रयास किया। इतने फॉर्म उनके खिलाफ भराए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। भूपेश को यहां की जनता ने पराजित कर वापस दुर्ग भेज दिया।
कांग्रेस कार्यकाल में हुआ बेहतर विकास : ममता
कांग्रेस कार्यकाल के 5 वर्ष और वर्तमान शासन के दो वर्ष के तुलनात्मक सवाल पर पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने कहा कि सरकार में रहना ज्यादा अच्छा था। 5 साल के कार्यकाल में हमारी कांग्रेस सरकार ने बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, कृषि सब पर काम हुआ। अभी 2 वर्ष के कार्यकाल में जनता नाखुश है और किसान परेशान हैं।










