Logo
election banner
Riyan Parag IPL 2024: रियान पराग आईपीएल 2024 में दमदार बल्लेबाजी कर रहे। उन्होंने तीन मैच में दो अर्धशतक ठोके हैं। उनकी तुलना अब सूर्यकुमार यादव से हो रही है।

Riyan Parag IPL 2024: रियान पराग ने रणजी ट्रॉफी में जो गदर काटा था, वैसा ही कुछ ये बैटर आईपीएल 2024 में भी कर रहा है। रियान ने आईपीएल 2024 में अबतक दो अर्धशतक ठोके हैं और ये दोनों ही राजस्थान रॉयल्स की जीत में काम आए। बीते सोमवार को उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 54 रन ठोके थे और टीम को मुश्किल विकेट पर जीत दिलाने काम किया था। इस सीजन में रियान राजस्थान की जीत की गारंटी बन रहे हैं। यही वजह है कि उनमें दिग्गजों को सूर्यकुमार यादव का अक्स नजर आने लगा है। 

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के असिस्टेंट कोच शेन बॉन्ड ने कहा कि रियान बेहद टैलेंटेड खिलाड़ी हैं और उनके खेल में सूर्यकुमार यादव की झलक नजर आती है। इतना ही नहीं, इरफान पठान ने भी हाल ही में रियान को लेकर कहा था कि ये लड़का 2 साल के भीतर भारत के लिए खेलेगा। रियान की सबसे बड़ी ताकत है बीच के ओवर में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी। यही वजह है कि राजस्थान बाकी टीमों से आगे नजर आ रही। 

रियान ने दो अर्धशतक ठोके हैं
राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2024 में रियान पराग ने अबतक तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में ही उनका बल्ला बोला है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रियान ने 43, दूसरे मैच में उन्होंने नाबाद 84 रन ठोके थे। उन्होंने इस पारी में 7 चौके और 6 छक्के उड़ाए थे। 

मुंबई के खिलाफ 54 रन ठोके थे
मुंबई के खिलाफ भी 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने यशस्वी जायसवाल का विकेट जल्दी गंवा दिया था। इसके बाद संजू सैमसन और जोस बटलर भी आउट हो गए थे। एक समय टीम का स्कोर 3 विकेट पर 48 रन था। लक्ष्य बड़ा नहीं था। मुंबई के पास राजस्थान को बैकफुट पर धकेलने का मौका था। लेकिन, रियान चट्टान की तरह अड़ गए और 39 गेंद में 54 रन की नाबाद पारी खेल टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के मारे। वैसे, ये पारी रियान के खेल के मुताबिक धीमी लग सकती है। लेकिन, टीम की जीत की गारंटी यही पारी बनी। 

रियान के खेल में क्या बदला?
रियान पराग इस आईपीएल में अलग रंग में नजर आ रहे हैं। वो हर गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश नहीं कर रहे। वो गेंद को मैरिट के हिसाब से खेल रहे। तीनों ही मुकाबलों में उन्होंने स्लॉग शॉट मारने के बजाए सीधे बल्ले से शॉट खेले हैं। मुंबई के खिलाफ मैच के बाद रियान ने कहा था, इस सीजन में मैंने अपनी सोच सिंपल रखी है। गेंद को देखो और मारो। पहले मैं काफी ज्यादा सोच रहा था। इसी वजह से रन नहीं आ रहे थे। 

पराग तीन पारियों में 181 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप उनके सिर पर है। ये घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में भी 85 के औसत और 183 के स्ट्राइक रेट से 510 रन बनाए थे और इसके बाद ऱणजी ट्रॉफी में 75 की औसत से 378 रन बनाए थे। अगर ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहा तो उनके लिए टी20 विश्व कप दूर नहीं। 

5379487