Logo
Mumbai Indians vs Delhi capitals, IPL 2024 Preview: आईपीएल 2024 का 20वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच वानखेड़े स्टेडियम में रविवार दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा।

Mumbai Indians vs Delhi capitals IPL 2024 Preview:आईपीएल 2024 में रविवार को डबल हेडर है। दिन का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच लखनऊ में खेला जाएगा। 

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए ये आईपीएल अबतक अच्छा नहीं बीता है। रोहित शर्मा के हाथ से हार्दिक पंड्या के हाथों में टीम की कमान आते ही टीम की मानो किस्मत रुठ सी गई है। अबतक मुंबई ने तीन मैच खेले हैं और तीनों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस आखिरी पायदान पर है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स का हाल भी मुंबई इंडियंस जैसा ही है। 

ऋषभ पंत बतौर कप्तान वापसी कर चुके हैं। लेकिन, इससे दिल्ली कैपिटल्स पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। टीम ने अबतक 4 मैच खेले हैं और सिर्फ एक ही मुकाबला जीता है। तीन में उसे भी हार मिली है। पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस से एक स्थान ऊपर दिल्ली कैपिटल्स 9वें स्थान पर है। 

सूर्यकुमार यादव की वापसी होगी?
मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर ये है कि सूर्यकुमार यादव टीम से जुड़ गए हैं। सूर्यकुमार स्पोर्ट्स हर्निया और एंकल सर्जरी के बाद पूरी तरह फिट हो चुके हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में वो उतर सकते हैं। सूर्यकुमार ने पिछले सीजन में 600 से अधिक रन ठोके थे। इसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे। उनके आने से मुंबई की बैटिंग में फायर पावर आ जाएगी। 

कुलदीप के खेलने पर संशय
सूर्यकुमार की वापसी से जहां मुंबई की ताकत बढ़ी है। वहीं, दिल्ली के लिए बुरी खबर है। टीम के स्ट्राइक गेंदबाज कुलदीप यादव चोटिल हैं और उनके मुंबई के खिलाफ मैच में खेलने की संभावना न के बराबर है। ऐसे में दिल्ली की टीम स्पिन गेंदबाजी में कमजोर होगी। वैसे भी दिल्ली की गेंदबाजी इस सीजन में कमजोर साबित हुई है। 

दोनों टीमों की बड़ी कमजोरी गेंदबाजी
पिछले मैच में ही कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवर में 272 रन ठोके थे। ये आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। एनरिक नॉर्खिया, ईशांत शर्मा और खलील अहमद सबसे महंगे साबित हुए थे। सबने 10 रन प्रति ओवर से अधिक दिए थे। सीएसके के खिलाफ जरूर खलील अहमद और अक्षर पटेल ने अच्छी गेंदबाजी की थी। ऐसे में मुंबई के तूफान से निपटना है तो दिल्ली को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। 

मुंबई की भी कमजोरी गेंदबाजी ही है। इसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई के खिलाफ आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा 277 रन का स्कोर खड़ा किया था। उस मैच में जसप्रीत बुमराह को छोड़े दें, तो हार्दिक पंड्या, क्वेना मफाका, गेराल्ड कोएट्जी और पीयूष चावला बहुत पिटे थे। ऐसे में मुंबई को अच्छी गेंदबाजी करनी होगी। 

5379487