KKR vs LSG Preview: आईपीएल 2026 में गुरुवार को होने वाले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगे। जहां एक तरफ केकेएर अपनी पहली जीत की तलाश में है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स अपने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर बढ़त बनाए रखना चाहेगी। इस मुकाबले की सबसे दिलचस्प बात केकेआर की आक्रामक बल्लेबाजी और लखनऊ सुपर जायंट्स की दमदार पावरप्ले गेंदबाजी के बीच टक्कर होगी।
इस सीजन में एलएसजी पावरप्ले में सबसे खतरनाक गेंदबाजी करने वाली टीम रही। दो मैचों में उसने पहले 6 ओवर में 7 विकेट लिए हैं और उसका इकॉनमी रेट सिर्फ 4.58 है, जो टूर्नामेंट में सबसे बेहतर है। दूसरी ओर केकेआर की बल्लेबाजी भी कम नहीं। टीम का पावरप्ले रन रेट 11.29 है, जो इस सीजन का दूसरा सबसे अच्छा आंकड़ा है, लेकिन इसी दौरान उन्होंने 6 विकेट भी गंवाए।
केकेआर की गेंदबाजी कमजोर
केकेआर की सबसे बड़ी चिंता उसकी कमजोर गेंदबाजी है। टीम के कई प्रमुख तेज गेंदबाज चोटिल हैं जबकि स्पिन विभाग भी पूरी तरह फिट नहीं है। पिछले मैच में वरुण चक्रवर्ती (हाथ की चोट) और सुनील नरेन (बीमारी) दोनों ही नहीं खेल पाए थे। हालांकि अच्छी खबर यह है कि नरेन अब फिट होकर वापसी के लिए तैयार और प्लेइंग इलेवन में नजर आ सकते। वहीं वरुण का खेलना अभी भी तय नहीं।
केकेआर को अबतक नहीं मिली जीत
केकेआर का प्रदर्शन इस सीजन में अब तक निराशाजनक रहा। टीम तीन मैचों में जीत दर्ज नहीं कर पाई और एकमात्र अंक उसे बारिश से रद्द हुए मुकाबले से मिला। उस मैच में भी टीम 25/2 पर संघर्ष कर रही थी। ऐसे में टीम को अब बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें हैं।
मोहम्मद शमी ने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी की
दूसरी ओर एलएसजी की गेंदबाजी इस सीजन की बड़ी कहानी बनकर उभरी है। युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 मैचों में ही 4 विकेट ले लिए और उनका इकॉनमी 7.71 रहा है। उनके साथ मोहम्मद शमी ने भी पावरप्ले में कमाल किया। शमी ने 2 मैचों में 3 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी 4.62 है।
ऋषभ पंत ने अच्छी बल्लेबाजी की है
एलएसजी ने अपने पहले मैच में हार झेली थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर वापसी की। टीम फिलहाल संतुलित नजर आ रही और प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना कम है। कप्तान ऋषभ पंत ने पिछले मैच में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक लगाया था और वह इसी क्रम में उतर सकते। केकेआर के लिए एक और अच्छी खबर कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी हो सकती है, जो अब तक वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण गेंदबाजी नहीं कर रहे थे।
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
पिच की बात करें तो ईडन गार्डन्स की सतह बल्लेबाजों के अनुकूल रही है और इस बार भी हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है। हालांकि मौसम बड़ा फैक्टर बन सकता है। मैच के दौरान बारिश की संभावना है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में यह मुकाबला बल्लेबाजी बनाम गेंदबाजी की असली परीक्षा होगा, जहां केकेआर जीत की राह पर लौटना चाहेगी जबकि एलएसजी अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स: 1 फिन एलन, 2 अजिंक्य रहाणे (कप्तान), 3 कैमरून ग्रीन, 4 अंगकृष रघुवंशी, 5 रिंकू सिंह, 6 रमनदीप सिंह, 7 सुनील नरेन, 8 अनुकूल रॉय, 9 नवदीप सैनी, 10 वैभव अरोड़ा, 11 कार्तिक त्यागी, 12 ब्लेसिंग मुजरबानी।
लखनऊ सुपर जायंट्स: 1 मिशेल मार्श, 2 एडेन मार्करम, 3 ऋषभ पंत (विकेट कीपर, कप्तान), 4 निकोलस पूरन, 5 आयुष बडोनी, 6 अब्दुल समद, 7 मुकुल चौधरी, 8 एम सिद्धार्थ, 9 आवेश खान, 10 मोहम्मद शमी, 11 दिग्वेश राठी, 12 प्रिंस यादव।








