IND vs AUS 2nd Test Day 1 Highlights: एडिलेड टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में, भारत की पारी 180 पर सिमटी

ind vs aus 2nd test live score
X
ind vs aus 2nd test live score
IND vs AUS 2nd Test Day 1 Highlights: एडिलेड टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। भारत को 180 रन पर समेटने के बाद खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए हैं।

India vs Australia 2nd test day 1 Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार से एडिलेड ओवल में डे-नाइट टेस्ट खेला जा रहा। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया अच्छी स्थिति में पहुंच गया है। हालांकि मेजबान टीम भारत से 94 रन पीछे है, लेकिन उसके पास 9 विकेट शेष हैं। नाथन मैकस्वीनी और मार्नस लाबुशेन के बीच 62 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हुई। उस्मान ख्वाजा 11 रन बनाकर बुमराह की बॉल पर आउट हुए। इसके बाद नाथन मैकस्वीनी और मार्नस लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाए हैं।

इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारतीय पारी महज 180 रन पर सिमट गई। भारत को पहला झटका पहली गेंद पर लगा था। इसके बाद दूसरा विकेट 69 रन पर गिरा। लेकिन इसके बाद बाकी बचे 8 विकेट 111 रन पर गिर गए। यशस्वी जायसवाल एडिलेड टेस्ट की पहली गेंद पर आउट हो गए थे। उन्हें मिचेल स्टार्क ने पवेलियन भेजा। इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 60 प्लस रन की साझेदारी हुई। हालांकि, 69 रन के स्कोर पर केएल राहुल को भी स्टार्क ने आउट कर दिया। उनका कैच नाथन मैकस्वीनी ने पकड़ा। मिचेल स्टार्क ने सबसे अधिक 6 विकेट झटके। उन्होंने पहली बार भारत के खिलाफ पारी में 5 से अधिक विकेट झटके हैं। वो पिंक बॉल के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं।

77 रन के स्कोर पर विराट कोहली (7) और फिर 81 रन पर शुभमन गिल (31) आउट हुए। कोहली को स्टार्क ने तो गिल को बोलैंड ने पवेलियन की राह दिखाई। भारत ने लगातार अंतराल पर विकेट खोए। लेकिन, एक छोर पर नीतीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाले रखा और आखिरी के कुछ ओवर में ताबड़तोड़ शॉट्स खेले। उन्होंने बोलैंड के एक ओवर में 2 छक्के और एक चौका मारा। रेड्डी ही आखिरी आउट होने वाले बैटर रहे। स्टार्क ने पहली पारी में 6 विकेट लिए।

इस टेस्ट के लिए भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए। रोहित की बतौर कप्तान वापसी हुई है। इसके अलावा चोट से उबरकर शुभमन गिल भी टीम में लौटे हैं। वॉशिंगटन सुंदर के स्थान पर एडिलेड टेस्ट में आर अश्विन खेल रहे हैं। पर्थ टेस्ट खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को टीम से बाहर रखा गया है।

रोहित इस टेस्ट में मध्य क्रम में बल्लेबाजी करेंगे। टॉस के बाद उन्होंने कहा, 'मैं मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करूंगा और मेरे लिए ये अलग होगा और मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं।' केएल राहुल ही यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया ने एक दिन पहले ही प्लेइंग-11 घोषित कर दी थी। चोटिल जोश हेजलवुड के स्थान पर स्कॉट बोलैंड खेलेंगे। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया एडिलेड में कभी पिंक बॉल टेस्ट नहीं हारा है। ऐसे में भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया को हराने की बड़ी चुनौती है। पर्थ टेस्ट में कप्तानी करने वाले पेसर जसप्रीत बुमराह का आज जन्मदिन है। ऐसे में बुमराह से पर्थ वाले प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

भारत की प्लेइंग-11: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), आर अश्विन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, 11 मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11: उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, पैट कमिंस, स्कॉट बोलैंड।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story