दुमका में पीएम मोदी बोले: JMM-कांग्रेस मिलकर झारखंड को हर तरह से लूट रही, 4 जून के बाद भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी तेज

PM Modi in Dumka Jharkhand
X
PM Modi in Dumka Jharkhand: पीएम मोदी ने मंगलवार को झारखंड के दुमका में एक रैली को संबोधित किया।
PM Modi in Dumka Jharkhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड के दुमका में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। मंच से पीएम मोदी ने JMM और कांग्रेस पर निशाना साधा।

PM Modi in Dumka, Jharkhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को झारखंड के दुमका में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। मंच से पीएम मोदी ने कहा कि 4 जून के बाद भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई और तेज होगी। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में जनता ने उन्हें कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर चुना था। मोदी ने कहा, "आप याद करें 2014 में मोदी के आने से पहले रोज-रोज घोटाले होते थे। कांग्रेस गरीबों के नाम पर पैसे लूटा करती थी। मोदी ने यह सब कुछ बंद करा दिया है। जनता के पैसे का आज जनता के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है।"

शुक्रवार को छु‍ट‍्टी घोषित करने पर उठाया सवाल
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में झारखंड की संस्कृति और परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "मुझे एक साथी बता रहे थे कि लव जिहाद शब्द पहली बार झारखंड में आया। झारखंड वालों ने ये शब्द दिया है। हमारे देश में रविवार को छुट्टी होती है। जब अंग्रेज यहां राज करते थे तो ईसाई समाज छुट्टी (रविवार को) मनाता है, ये परंपरा तब से शुरू हुई।" मोदी ने यह भी कहा कि कुछ क्षेत्रों में रविवार की छुट्टी को बदलकर शुक्रवार की छुट्टी की जा रही है, पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए।

ये लोग झारखंड को हर तरफ से लूट रहे
मोदी ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और JMM के लोग धमकी देते हैं कि मोदी को हटाना है, क्यों हटाना है? क्योंकि वे फिर से घोटाले कर सकें। आप इंडी वालों को गरीबों का हक लूटने देंगे क्या? ये लोग झारखंड को हर तरफ से लूट रहे हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। झारखंड में बड़े बडे पहाड़ हैं लेकिन यहां की चर्चा इन पहाड़ों को लेकर नहीं बल्कि नोटों के पहाड़ों को लेकर हो रही है।

आप लोगों को बलिदान बेकार नहीं जाने देंगे
प्रधानमंत्री मोदी ने अगले पांच सालों में 3 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 4 जून के बाद नई सरकार बनने पर 3 करोड़ और मकान बनाए जाएंगे, जो पक्के घर गरीबों के लिए होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि जो काम 10 साल में हुआ है अब अगले 5 साल उसे और आगे बढ़ाना है।" पीएम मोदी ने रैली में मौजूद लोगों से कहा कि आप लोगों ने जो तपस्या की है उसके बदले में विकास किया जाएगा और कोई भी बलिदान बेकार नहीं जाएगा।मोदी ने संथाल की धरती को वीरों की धरती बताते हुए कहा, "ये देश के जीने-मरने वालों की धरती है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं आपकी इस तपस्या को बेकार नहीं जाने दूंगा। तपस्या के बदले में विकास कर के जरूरत लौटाऊंगा। ये मैं आपको गारंटी देता हूं।"

इंडी गठबंधन का फॉर्मूला है घोर सांप्रदायिक राजनीति करो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन की देशविरोधी राजनीति का एक खतरनाक फॉर्मूला है। इनका फॉर्मूला है घोर सांप्रदायिक राजनीति करो, घोर तुष्टीकरण की राजनीति करो, अलगाववादियों को संरक्षण दो, आतंकवादियों का बचाव करो और जो उसका विरोध करे, उस पर हिन्दू-मुसलमान करने का आरोप लगा दो। इंडी जमात वाले धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण देते हैं।

मैं SC, ST, OBC के आरक्षण की लूट नहीं होने दूंगा
पीएम मोदी ने कहा कि मोदी कहता है कि मैं SC, ST, OBC के आरक्षण की लूट नहीं होने दूंगा। तो INDI जमात को मिर्ची लग जाती है, ये कहते हैं मोदी हिन्दू-मुसलमान कर रहा है। इन्हें लगता है कि ये मोदी की छवि पर कीचड़ उछालेंगे तो मोदी डर जाएगा। ये अभी तक समझ नहीं पा रहे हैं कि मोदी इनका नफरती प्रोपेगेंडा फेल करके रहेगा। ये चाहे कुछ भी कर लें मोदी दलित, आदिवासी और पिछड़ा आरक्षण की लूट नहीं होने देगा। ये मोदी की गारंटी है।"

JMM और कांग्रेस वालों के यहां नोटों के पहाड़ पकड़े जा रहे
पीएम मोदी ने कहा कि JMM और कांग्रेस वालों के यहां नोटों के पहाड़ पकड़े जा रहे हैं। क्या आपको पता है कि, ये पैसा कहां से आ रहा है? ये पैसे शराब के घोटाले से आ रहे हैं, करोड़ों रुपए के टेंडर के घोटाले से, खान-खनिज-खनन घोटाले से यह पैसे आ रहे हैं। इन लोगों ने जमीनें हड़पने के लिए अपने माता-पिता का नाम बदल दिया। अब गरीबों और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। इन लोगों ने तो सेना की जमीन भी लूट ली। आपको झारखंड को इन लोगों से मुक्ति दिलानी ही होगी।"

अब झारखंड में एक बड़ा संकट घुसपैठियों का हो गया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब झारखंड में एक बड़ा संकट घुसपैठियों का हो गया है। हमारा ये संथाल परगना तो बहुत ज्यादा घुसपैठियों की चुनौती से जूझ रहा है। जिसके परिणामस्वरूप कई इलाकों में आदिवासियों की संख्या तेजी से कम हो रही है और घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है। आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और उनका जीवन खतरे में पड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि INDI गठबंधन के लिए सिर्फ अपना वोटबैंक जरूरी है। उसे आदिवासी समाज के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। जहां-जहां ये लोग सत्ता में आए, आदिवासी समाज और संस्कृति खतरे में पड़ गई। आदिवासियों के खिलाफ इनके हथियार हैं - नक्सलवाद, घुसपैठ और तुष्टीकरण।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story