Dy CM's wife death: हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी का निधन, अचानक सांस लेने में आई थी परेशानी

Simmi Agnihotri Death
X
मुकेश अग्निहोत्री और सिमी की शादी 8 अप्रैल 1992 को हुई थी।
Dy CM's wife death: डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रोफेसर सिमी ने 12 फरवरी को माता का जागरण रखा था। इसमें शामिल होने के लिए बेटी नीदरलैंड से भारत लौटी थीं। 

Dy CM's wife death: हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी का शुक्रवार रात अचानक निधन हो गया। डिप्टी सीएम ने रात करीब 12 बजे अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी सूचना दी। उन्होंने लिखा- हमारी प्रिय प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपना चंबा दौरा रद्द कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अपने परिवार के साथ ऊना के गोंदपुर जयचंद में रहते हैं। शुक्रवार रात को उनकी पत्नी सिमी को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई। इसके बाद परिजन उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रोफेसर सिमी की गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते मे ही उनकी मौत हो गई।

सिमी ने 2 दिन बाद रखा था जागरण
बता दें कि प्रोफेसर सिमी ने दो दिन बाद 12 फरवरी को बाथू में माता का जागरण रखा था। वह जोर-शोर से जागरण की तैयारियों में जुटी थीं। कुछ दिनों से निमंत्रण बांट रही थीं। डिप्टी सीएम की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण में शामिल होने के लिए नीदरलैंड से भारत लौटी हैं। अब सिमी अग्निहोत्री की मौत की खबर मिलने के बाद इलाके में शोक की लहर है। शनिवार को अंतिम संस्कार होगा।

1992 में हुई थी डिप्टी सीएम के साथ शादी
मुकेश अग्निहोत्री और सिमी की शादी 8 अप्रैल 1992 को हुई थी। सिमी अग्निहोत्री हिमाचल यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। वह पति के साथ राजनैतिक कार्यक्रमों में भी अक्सर नजर आती थीं। प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री के निधन पर उनके चाहने वाले सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story