Logo
Haryana INLD chief Nafe Singh Rathee shot dead: इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के प्रदेशाध्यक्ष पर झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने कार पर गोलियां बरसाईं। वारदात में गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई पर शक जताया जा रहा है।

Haryana INLD chief Nafe Singh Rathee shot dead: हरियाणा में इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी (Nafe Singh Rathee) की बहादुरगढ़ में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार शाम 5 बजे हुए जानलेवा हमले में राठी के एक सुरक्षाकर्मी की भी जान चली गई। दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार बदमाशों ने उनकी फॉर्चूनर पर करीब 40 राउंड गोलियां चलाईं। वारदात में गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग पर शक जताया जा रहा है। इस मामले में एसटीएफ जांच कर रही है। झज्जर एसपी ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।

इनेलो प्रवक्ता राकेश सिहाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज कुछ अज्ञात हमलावरों ने पूर्व विधायक राठी की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस हमले में वे बुरी तरह जख्मी हो गए और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान नफे सिंह राठी की मौत हो गई। बता दें कि नफे सिंह हरियाणा में 2 बार विधायक चुने गए और उन्होंने 2009 में रोहतक सीट लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। इसके अलावा 2 बार बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन और कुश्ती संघ (भारतीय स्टाइल) के नेशनल प्रेसिडेंट भी रहे।

नफे सिंह के सुरक्षा गार्ड की भी जान गई, दो जख्मी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस वक्त प्रदेशाध्यक्ष राठी की फॉर्चूनर कार पर हमला हुआ। उनके साथ कार में तीन निजी सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। अंधाधुंध फायरिंग में उन्हें भी गोलियां लगीं। गोलीकांड के बाद मौका-ए-वारदात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नफे सिंह राठी ड्राइवर की बगल वाली सीट पर अचेत नजर आ रहे हैं। इसके बाद सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने बताया कि यहां 4 लोग जख्मी हालत में लाए गए, जिन्हें गोलियां लगी थीं। इनमें से दो घायलों की ज्यादा खून बहने से मौत हो गई। बाकी दो आईसीयू में इलाज चल रहा है। उन्हें कंधे, जांघ और छाती में गोलियां लगी हैं। दूसरे मृतक की पहचान जय किशन के तौर पर हुई है।     

STF गोलीकांड की जांच में जुटी: गृह मंत्री विज
वहीं, गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि घटना बेहद दु:खद है। एसटीएफ पूरे मामले की जांच करेगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि हमलावर कौन लोग थे। झज्जर एसपी अर्पित जैन ने बताया कि हमें इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीमें कार्रवाई कर रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बदमाशों ने 40 राउंड फायर किए, लॉरेंस गैंग पर शक
बताया जा रहा है कि बदमाश आई-10 कार में सवार थे। नफे सिंह आगे और पीछे की सीट पर उनके सुरक्षाकर्मी बैठे थे। शाम करीब 5 बजे हमलावरों ने राठी की कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। करीब 40 राउंड गोलियां चलीं। फॉर्च्यूनर पर उसी तरफ गोलियां चलाईं गईं, जिस तरफ राठी बैठे थे। वारदात में शक की सुई गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गुर्गे काला जठेड़ी पर है। हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद भी वजह हो सकता है।

अभय चौटाला बोले- राज्य सरकार ने नहीं दी सुरक्षा

रालोद नेता अभय सिंह चौटाला प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में हरियाणा की खट्टर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राठी ने कई बार सरकार, गृह मंत्री और डीजीपी से पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराए जाने की गुहार लगाई थी। राठी को पिछले कई दिनों से जानलेवा हमले की धमकियां मिल रही थीं।

हुड्डा बोले- हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवाला पिटा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है।

राठी पर था BJP नेता को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप
बता दें कि जनवरी 2023 में हरियाणा पुलिस ने राठी और 5 अन्य लोगों के खिलाफ भाजपा नेता जगदीश नंबरदार के कथित सुसाइड केस में एफआईआर दर्ज की थी। जगदीश हरियाणा के पूर्व मंत्री मांगेराम नंबरदार का बेटा था। राठी और अन्य आरोपियों के खिलाफ आईपीसी 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) की धारा में केस दर्ज हुआ था। जबकि, पुलिस की इस कार्रवाई को रालोद नेता अभय सिंह चौटाला ने राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया था

5379487