haribhoomi hindi news
Dawood's Aide Dead: डी-कंपनी के लिए काम करने वाले आरिफ शेख उर्फ ​​आरिफ भाईजान की शुक्रवार रात दिल का दौरा पड़ने से मुंबई के जेजे अस्पताल में मौत हो गई। 2022 में टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार हुआ था।  

Dawood's Aide Dead: गैंगस्टर छोटा शकील के बहनोई आरिफ शेख उर्फ ​​आरिफ भाईजान की दिल का दौरा पड़ने से मुंबई के जेजे अस्पताल में मौत हो गई। आरिफ अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गैंग का गुर्गा था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसे 2022 में टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार किया था और तब से वह आर्थर रोड जेल में सजा काट रहा था। बता दें कि जुलाई 2023 में एनआईए ने ठाणे से सटे मीरा रोड इलाके में आरिफ की प्रॉपर्टी जब्त की थी।

आरिफ ने शुक्रवार रात सीने में दर्द की शिकायत की
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार (21 जून) को सांस लेने में तकलीफ और छाती में दर्द के चलते आरिफ शेख को जेजे अस्पताल लाया गया था। उसके रिश्तेदारों का कहना है कि आरिफ की सेहत अच्छी थी और उसे कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी उन्हें कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं और वे जेजे अस्पताल से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

कोर्ट ने आरिफ शेख को डी-कंपनी का अहम गु्र्गा बताया
आरिफ शेख और उसके भाई शब्बीर शेख को NIA ने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील सहित उसके कुछ करीबी मददगारों को टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरिफ ने जमानत के लिए अदालत में अर्जी लगाई थी, लेकिन उसकी जमानत याचिका खारिज हो गई थी। कोर्ट का मानना था कि आरिफ शेख दाऊद इब्राहिम के संगठित अपराध सिंडिकेट डी-कंपनी की अहम कड़ी है।

4 साल पहले शकील की बहन की हुई थी मौत
गैंगस्टर छोटा शकील की छोटी बहन फहमीदा की 4 साल पहले मुंबई में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अंडरवर्ल्ड सूत्रों के मुताबिक, फहमीदा छोटा शकील के सबसे करीब थी। वह पहले दुबई में रहती थी और 2006 में मुंबई शिफ्ट हो गई थी। बताया जाता है कि बहन की मौत के बाद शकील ने मुंबई में अपने जीजा आरिफ भाईजान और परिवार से बात की थी। छोटा शकील अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का सबसे करीबी माना जाता है। पिछले कुछ सालों से उसके पाकिस्तान में छिपे होने की खबरें आती रही हैं।

7