Chunav 2024: कांग्रेस प्रत्याशी का दावा- गोवा पर संविधान 'जबरन' थोपा गया, PM मोदी बोले- इन्हें राहुल गांधी का भी समर्थन

Narendra Modi CG Rally
X
Narendra Modi CG Rally
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस के दक्षिण गोवा उम्मीदवार विरियाटो फर्नांडीस ने सोमवार को संविधान को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि गोवा पर भारतीय संविधान "जबरन" थोपा गया है।

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दो रैलियों को संबोधित किया। पीएम मोदी आज की रात रायपुर में बिताएंगे। इसके बाद बुधवार को मध्य प्रदेश के सागर और बैतूल में जनसभाएं करने के बाद शाम को भोपाल में रोड शो करेंगे। छत्तीसगढ़ की रैली में मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दक्षिण भारत को अलग देश बनाने और गोवा पर संविधान थोपने की बात करते हैं। क्या यह बाबा साहब आंबेडकर का अपमान नहीं है?

गोवा के कांग्रेस नेता ने दिया था विवादित बयान?
बता दें कि दक्षिण गोवा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विरियाटो फर्नांडीस ने दावा किया है कि 1961 में पुर्तगाली शासन से आजादी मिलने के बाद गोवा पर भारतीय संविधान "जबरन" थोपा गया। फर्नांडीस ने 2019 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए यह बयान दिया। जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। फर्नांडीस ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पुर्तगाली पासपोर्ट का विकल्प चुनने वाले गोवावासियों के लिए दोहरी नागरिकता के समर्थन में यह बात कही थी।

फर्नांडीस ने राहुल गांधी के साथ मीटिंग का किया जिक्र
कांग्रेस उम्मीदवार विरियाटो फर्नांडीस ने कहा- “हमने (गांधी के साथ एक बैठक के दौरान) राहुल गांधी के सामने 12 मांगें उठाईं और उनमें से एक दोहरी नागरिकता को लेकर थी। गांधी ने मुझसे पूछा कि क्या मांग संवैधानिक है? मैंने कहा नहीं... फिर उन्हें समझाया कि संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। जब 1961 में गोवा पुर्तगाली शासन से मुक्त हुआ, तो आपने (तत्कालीन केंद्र सरकार का जिक्र करते हुए) हम पर संविधान थोप दिया। हम इसमें शामिल नहीं थे।''

PM मोदी बोले- कांग्रेस संविधान का अपमान कर रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फर्नांडिस की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- एक सबसे पुरानी पार्टी आजादी के बाद पहले दिन से ही तुष्टिकरण में लगी है। वो (कांग्रेस) सरकार में दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों की भागीदारी को पचा नहीं पा रही। अब कांग्रेस ने बड़ा खेल शुरू कर दिया है। पहले कर्नाटक के एक कांग्रेस सांसद ने कहा कि दक्षिण भारत को अलग देश घोषित कर देना चाहिए। अब उन्हीं के गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार कर रहे हैं कि भारत का संविधान गोवा में लागू नहीं होता है। वो कह रहे हैं कि संविधान को गोवा पर थोपा गया। क्या यह बाबा साहब आंबेडकर का अपमान नहीं? क्या यह संविधान का अपमान नहीं है? क्या यह भारत के संविधान के साथ छेड़छाड़ नहीं है?

मोदी ने कहा- कांग्रेस उम्मीदवार को राहुल का समर्थन
उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा- गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार ने खुलेआम यह बयान दिया, जिसका मतलब है कि उन्हें अपने नेता का समर्थन मिला हुआ है। यह देश को तोड़ने की चाल है। देश का एक बड़ा हिस्सा कांग्रेस को खारिज कर चुका है और इसलिए पार्टी ऐसे छोटे-छोटे द्वीप बनाना चाहती है। आज कांग्रेस गोवा में संविधान को खारिज कर रही है और कल वह पूरे देश में भी ऐसा ही करेगी।

गोवा के मुख्यमंत्री सावंत बोले- स्तब्ध हूं
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि वह कांग्रेस प्रत्याशी फर्नांडिस की बयान से "स्तब्ध" हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए इसे "लोकतंत्र के लिए खतरा" बताया। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने गोवा को भारत का अविभाज्य हिस्सा माना है। कांग्रेस ने गोवा की आजादी में 14 साल देरी की। अब उनके नेता ने संविधान को कमजोर करने की हिम्मत की? कांग्रेस को ऐसी भारत तोड़ो राजनीति तुरंत बंद करनी चाहिए। कांग्रेस हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story