New Governor: भाजपा के कुशल रणनीतिकार ओम माथुर बने सिक्किम के गवर्नर, भैरों सिंह शेखावत से सीखे थे राजनीति के गुर

Om Prakash Mathur Sikkim Governor
X
Om Prakash Mathur Sikkim Governor
New Governor: बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर ने कहा है कि संवैधानिक पद पर नियुक्त होने के बाद वह अब सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

New Governor: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। संवैधानिक पद पर नियुक्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 72 वर्षीय ओम प्रकाश माथुर राजस्थान के पाली जिले के बाली कस्बे से आते हैं और उन्होंने पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में जमीनी स्तर पर लंबे समय तक काम किया है।

भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाते हैं माथुर
ओम माथुर ने पूर्व उपराष्ट्रपति और बीजेपी नेता भैरों सिंह शेखावत के सानिध्य में राजनीति के गुर सीखे हैं। ओम माथुर गुजरात बीजेपी के महासचिव भी रह चुके हैं और उन्हें एक प्रमुख संगठनात्मक व्यक्ति और रणनीतिकार माना जाता है। छत्तीसगढ़ में पिछले साल बीजेपी की सत्ता में वापसी में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ का चुनाव प्रभारी बनाकर भेजा था। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए भी उनका नाम चर्चा में रहा था, लेकिन पार्टी ने भजनलाल शर्मा को चुना।

सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने ओम प्रकाश माथुर को राज्यपाल बनाए जाने पर उन्हें बधाई दी। सीएम शर्मा ने X पोस्ट में लिखा- "मुझे पूरा विश्वास है कि आपके कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व से सिक्किम सुशासन के पथ पर अग्रसर होगा और नए मानदंड स्थापित करेगा।"

संतोष गंगवार को झारखंड, कटारिया को पंजाब की जिम्मेदारी

  • माथुर के सिक्किम का कार्यभार संभालने के बाद मौजूदा राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल के पदों पर कई अन्य नियुक्तियां भी की हैं। इनमें गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया है। वे पहले असम के राज्यपाल थे। (ये भी पढ़ें... राष्ट्रपति मुर्मू ने 6 नए राज्यपाल नियुक्त किए, 3 के राज्य बदले गए)
  • हरीभाऊ किशनराव बागडे को राजस्थान का राज्यपाल, जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का राज्यपाल और संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया। रमन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल और सी एच विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। सी पी राधाकृष्णन, जो झारखंड के राज्यपाल और तेलंगाना के अतिरिक्त प्रभार में थे, को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
  • एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि "उपरोक्त नियुक्तियां उनके संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।"
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story