AAP आज करेगी PM मोदी आवास का घेराव: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस बोली- नो परमीशन ग्रांटेड

AAP Protest
X
AAP Protest
AAP Calls for Gherao at PM Modi Residence: दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पीएम मोदी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्होंने आम आदमी पार्टी को किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है।

AAP Calls for Gherao at PM Modi Residence: आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव करने का आह्वान किया है। आप के सभी विधायक और पदाधिकारी पार्टी मुख्यालय पर एकत्र होंगे और फिर प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करेंगे। उधर, भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। विशाल मार्च का नेतृत्व दिल्ली प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा करेंगे, जो फिरोज शाह कोटला स्टेडियम से दिल्ली सचिवालय तक होगा।

हालांकि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पीएम मोदी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्होंने आम आदमी पार्टी को किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है।

गोपाल राय ने किया था घेराव का ऐलान
22 मार्च को आप नेता गोपाल राय ने कहा था कि पार्टी प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए 26 मार्च को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी।

होली नहीं खेली, जताया विरोध
सोमवार को जब पूरा देश होली के जश्न के रंगों में सराबोर था। उस वक्त आम आदमी पार्टी के नेताओं की होली फीकी रही। दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा कि उन्होंने इस साल रंगों से नहीं खेलने और होली नहीं मनाने का संकल्प लिया है और देशवासियों से क्रूरता और बुराई के खिलाफ लड़ाई में उनके साथ शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि होली सिर्फ एक त्योहार नहीं है, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। क्रूरता पर न्याय का प्रतीक है। आज आम आदमी पार्टी का हर नेता दिन-रात इस बुराई, क्रूरता और अन्याय से लड़ रहा है। इस साल, आम आदमी पार्टी ने संकल्प लिया है कि हम रंगों से नहीं खेलेंगे, हम होली नहीं मनाएंगे।

जानिए विवाद की अहम बातें

  • दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि क्या यह लोकतंत्र है? हमारे लिए कोई समान अवसर नहीं है। आप निर्वाचित मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर रहे हैं, भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के खाते जब्त कर रहे हैं। हमारे नेता राहुल गांधी ने लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई छेड़ी है। कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।
  • INDI गुट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार, 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक मेगा रैली की घोषणा की है।
  • भाजपा मांग कर रही है कि अरविंद केजरीवाल गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री पद छोड़ दें। हालांकि, AAP का कहना है कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें जेल के अंदर से काम करना पड़े।
  • अरविंद केजरीवाल ने जेल से एक संदेश बाहर भेजा। जिसे उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पढ़ा था। जिसमें केजरीवाल ने सभी से समाज के लिए काम करना जारी रखने और किसी से नफरत नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत के भीतर और बाहर कई ताकतें हैं जो देश को कमजोर कर रही हैं। ऐसी कोई जेल नहीं है जो उन्हें लंबे समय तक सलाखों के पीछे रख सके। मैं जल्द ही बाहर आऊंगा और अपने वादे निभाऊंगा।
  • रविवार को ईडी हवालात से अरविंद केजरीवाल ने अपना पहला आदेश जारी किया। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि मैं बीजेपी से कहना चाहती हूं कि आप अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हैं और जेल में डाल सकते हैं, लेकिन आप दिल्ली के लोगों के प्रति उनके प्यार और कर्तव्य की भावना को कैद नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि आप नेता भले ही जेल में हों, लेकिन कोई काम नहीं रुकेगा।
  • दिल्ली उच्च न्यायालय बुधवार को अरविंद केजरीवाल के अनुरोध पर सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के साथ-साथ ईडी को सात दिनों के लिए अपनी हिरासत देने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी है।

21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल
आम आदमी पार्टी प्रमुख को गुरुवार, 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन, दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने उन्हें 28 मार्च तक जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया था। केंद्रीय एजेंसी ने आप नेता पर साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया है। ईडी का मानना है कि अब समाप्त हो चुकी नीति खुदरा विक्रेताओं के लिए लगभग 185 प्रतिशत और थोक विक्रेताओं के लिए 12 प्रतिशत का असंभव उच्च लाभ मार्जिन प्रदान करती है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story