Aaj Ka Mausam: राजस्थान-यूपी समेत 9 राज्यों में बारिश, झारखंड में तापमान 33° के पार, 8 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम

Aaj Ka Mausam
X
देश में मौसम ने एक बार फिर रंग बदलना शुरू कर दिया है।
मौसम ने एक बार फिर रंग बदलना शुरू कर दिया है। ठिठुराती सर्दी के बाद देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ा है तो कुछ में बूंदा-बांदी शुरू हो गई है। राजस्थान और यूपी समेत 9 राज्यों में बारिश हो रही है। वहीं झारखंड में तापमान 33° के पार हो चुका है। पढें देश का मौसम अपडेट।

Aaj Ka Mausam: मौसम ने एक बार फिर रंग बदलना शुरू कर दिया है। ठिठुराती सर्दी के बाद देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ा है तो कुछ में बूंदा-बांदी शुरू हो गई है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत 9 राज्यों में बारिश हो रही है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे का प्रकोप जारी है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार जैसे मैदानी इलाकों में तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 फरवरी से फिर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे मौसम फिर करवट ले सकता है। आइए जानते हैं देश के किस राज्य में कैसा है मौसम का हाल। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम।

राजस्थान में हल्की बारिश, ठंड बढ़ने के आसार
राजस्थान के कई जिलों में मंगलवार (4 फरवरी ) की सुबह हल्की बारिश हुई। जयपुर, अजमेर, सिरोही, उदयपुर और पाली में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है। बारिश के कारण अगले दो दिनों में ठंड फिर से बढ़ने के आसार हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 12 से 14 फरवरी के बीच राजस्थान में फिर बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, कुफरी, मनाली और डलहौजी में भी बर्फबारी दर्ज की गई। हिमाचल पुलिस ने पर्यटकों को ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। उत्तराखंड में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश: कई जिलों में बारिश और घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। बीते 24 घंटे में कई जिलों में बारिश हुई, जिससे ठंड फिर लौट आई है। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि लखनऊ में यह 29.2 डिग्री रहा। कानपुर और वाराणसी में भी तापमान 29 डिग्री के आसपास रहा। बहराइच, गोरखपुर और सुल्तानपुर में 28 डिग्री के साथ ठंडक महसूस की गई। आईएमडी ने पश्चिमी यूपी में बारिश और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट की संभावना है।

मध्य प्रदेश: तापमान 34 डिग्री तक पहुंचा
मध्य प्रदेश में फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी बढ़ने लगी है। भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि इंदौर और उज्जैन में यह 29 डिग्री के आसपास रहा। जबलपुर और ग्वालियर में भी तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश और हल्की ठंड वापसी कर सकती है। मंडला और सिवनी में रात का तापमान सबसे कम रहा। 8 फरवरी से मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

बिहार: बढ़ रहा तापमान, लेकिन फिर लौटेगी ठंड
बिहार में पिछले कुछ दिनों में तापमान बढ़ा है, लेकिन अगले सप्ताह ठंड फिर से लौट सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर और मुजफ्फरपुर में यह 28 डिग्री के आसपास रहा। गया और पूर्णिया में हल्की धुंध रही। मौसम विभाग के अनुसार, 6 फरवरी से तापमान में गिरावट आ सकती है। 8 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के असर से बिहार के कई जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे ठंड दोबारा बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़: हल्की बारिश के आसार, तापमान में उतार-चढ़ाव
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का असर देखा जा रहा है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा, जबकि दुर्ग और बिलासपुर में 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में 6 फरवरी से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बस्तर और सरगुजा में तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा। आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड दोबारा बढ़ सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कुछ इलाकों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

पंजाब: बारिश का अलर्ट, तापमान में गिरावट के संकेत
पंजाब में मौसम तेजी से बदल रहा है। अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहा। बठिंडा और पटियाला में 27 डिग्री दर्ज किया गया। आईएमडी ने 5 फरवरी तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य में फिर बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हरियाणा: बारिश और ठंड का असर जारी
हरियाणा में बीते 24 घंटे में कई जगह हल्की बारिश हुई। चंडीगढ़, अंबाला और करनाल में अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार और रोहतक में तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 5 फरवरी के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 8 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य में दोबारा ठंड बढ़ सकती है। अगले कुछ दिनों में बारिश के आसार भी हैं।

पूर्वोत्तर में घना कोहरा, जनजीवन प्रभावित
नार्थईस्ट के कई राज्यों में घने कोहरे का असर दिख रहा है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और सिक्किम में सुबह घना कोहरा छाया रहा। धुंध की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई। घने कोहरे के कारण लकाता और गुवाहाटी एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित हुईं। ओडिशा के भुवनेश्वर में सड़क यातायात भी बाधित हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में घना कोहरा बना रह सकता है। लोगों को गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मैदानी राज्यों में तापमान अचानक बढ़ा
मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। भोपाल, इंदौर, पटना और रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फरवरी की शुरुआत में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। हालांकि, 8 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। बिहार में अगले चार दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, लेकिन 8 फरवरी के बाद बारिश होने से मौसम फिर ठंडा हो सकता है।

8 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने 8 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की चेतावनी दी है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत और मैदानी इलाकों में फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में 5 फरवरी तक हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 से 10 फरवरी के बीच भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड का असर फिर से बढ़ेगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story