गर्मी में पिएं घर का बना सत्तू: ठंडक के साथ मिलेगी इंस्टेंट एनर्जी, जान लें फायदे और बनाने का तरीका

Sattu Recipe: गर्मी का मौसम आते ही शरीर तपने लगता है, पसीने से हालत खराब और एनर्जी लो हो जाती है। ऐसे में लोग तरह-तरह के महंगे एनर्जी ड्रिंक्स पीते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में ही एक ऐसा देसी सुपरफूड मौजूद है जो न सिर्फ शरीर को ठंडा रखता है, बल्कि इंस्टेंट एनर्जी भी देता है। हम बात कर रहे हैं सत्तू की।
सत्तू भुने हुए चने का पाउडर होता है, जिसे कभी गरीबों का खाना कहा जाता था, लेकिन आजकल यह सेहत के लिहाज़ से अमीरों का भी फेवरेट बन गया है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह पारंपरिक रूप से बेहद पॉपुलर है, और अब यह बाकी भारत में भी अपनी पकड़ बना रहा है। आइए जानते हैं सत्तू के हैरान कर देने वाले फायदों के बारे में-
1. सत्तू पीते ही गर्मी में राहत मिलती है। यह शरीर का तापमान संतुलित रखता है और लू से बचाव करता है।
2. सुबह-सुबह एक गिलास सत्तू पीने से पूरे दिन चुस्ती बनी रहेगी। इसमें प्रोटीन और फाइबर होता है जो शरीर को ताकत देता है।
3. इसमें मौजूद फाइबर कब्ज से राहत देता है और पेट को हल्का रखता है।
4. यह भूख को कंट्रोल करता है और पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे ओवरईटिंग नहीं होती।
5. सत्तू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह ब्लड शुगर को नहीं बढ़ने देता।
सामग्री-
2 बड़े चम्मच सत्तू
1 गिलास ठंडा पानी
आधा नींबू
स्वादानुसार काला नमक
थोड़ा भुना जीरा पाउडर
बारीक कटा हरा धनिया
कटी हरी मिर्च
बनाने की विधि-
- सबसे पहले एक गिलास में सत्तू डालें।
- उसमें नींबू का रस निचोड़ें और थोड़ा पानी डालकर अच्छे से घोल लें ताकि गांठें न बनें।
- अब इसमें काला नमक, भुना जीरा और स्वादानुसार मसाले डालें।
- पूरा ठंडा पानी डालें और अच्छे से मिक्स करें।
- ऊपर से हरा धनिया और हरी मिर्च डालें। अगर आपको तीखा पसंद नहीं है तो मिर्च को छोड़ सकते हैं।
- अब तैयार है आपकी देसी समर एनर्जी ड्रिंक सत्तू।