Logo
election banner
Suji Paratha Recipe: ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर में सूजी का पराठा बनाकर खाया जा सकता है। इसे तैयार करने का तरीका काफी आसान है।

Suji Paratha Recipe: सूजी का हलवा तो सभी ने कई बार खाया होगा। इसका नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुल जाती है। सूजी हलवे के अलावा क्या कभी सूजी पराठा का स्वाद चखा है। आपने अगर ऐसा नहीं किया है तो बता दें कि सूजी का पराठा भी काफी स्वादिष्ट होता है और इसे बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है। सूजी का पराठा ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर किसी भी वक्त बनाकर परोसा जा सकता है। 

हर कोई चाहता है कि उसके दिन की शुरुआत टेस्टी नाश्ते से हो। रूटीन ब्रेकफास्ट कई बार बोरियत पैदा कर देता है, ऐसे में बीच-बीच में इसमें बदलाव करना जरूरी होता है। घरों में नाश्ते में अक्सर पराठे बनाए जाते हैं, इस बार आप सादे पराठों के बजाय सूजी के पराठे की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। सूजी के पराठे लंच या डिनर में भी बनाए जा सकते हैं। सर्दी के सीजन में घरों में अलग-अलग वैराइटीज के पराठे बनाए जाते हैं। सूजी से अक्सर हलवा बनाया जाता है, लेकिन पराठा बनाकर आप एक नया प्रयोग कर सकते हैं। यकीन मानिए इसका स्वाद आप काफी पसंद करेंगे। 

सूजी पराठा बनाने के लिए सामग्री
सूजी (रवा) - 1 कप
गेहूं आटा - 1/2 कप
अदरक पेस्ट - 1/2 टी स्पून
हरी मिर्च कटी - 1 टी स्पून
हरा धनिया कटा - 2 टेबलस्पून
अजवाइन - 1/4 टी स्पून
जीरा पाउडर - 1/2 टी स्पून
कश्मीरी लाल मिर्च - 1/4 टी स्पून
तेल - जरूरत के अनुसार
नमक - स्वादानुसार

सूजी पराठा बनाने की विधि
सूजी का पराठा बनाना काफी आसान है। इसके लिए सबसे पहले एक कड़ाही में 2 कप पानी डालें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करें। इसमें एक चम्मच तेल और थोड़ा सा नमक डालकर पानी उबालें। पानी उबलने के बाद फ्लेम धीमी करें और उसमें सूजी डालकर मिक्स करें। इसके बाद सूजी को चलाते हुए पकने दें। सूजी तब तक चलाएं जब तक उसकी गांठ खत्म न हो जाए। सूजी को तब तक चलाते हुए पकाना है जब तक कि सूजी सारा पानी सोख न ले। 

सूजी जब नरम हो जाए तो गैस बंद कर दें और उसे बर्तन में निकालकर ठंडी होने के लिए रख दें। हल्की गर्म रह जाने पर सूजी में गेहूं आटा, जीरा, अजवाइन समेत अन्य सारी चीजें डालें और अच्छे से मिक्स करें। इसे 5 मिनट तक गूंथे और डो तैयार करें। 

अब एक नॉनस्टिक पैन को गर्म करें और तैयार डो की लोइयां बनाएं। एक लोई लें और उसका पराठा बेल लें। तवा गर्म होने पर पराठा तवे पर डालें और सेकें। पराठे की ऊपरी सतह पर तेल लगाएं और किनारों पर थोड़ा सा डाल दें। इसके बाद पराठा पलट दें। अब दूसरी ओर तेल लगाएं। पराठा तब तक सेकें जब तक कि गोल्डन और क्रिस्पी न हो जाए। 

इसके बाद पराठा प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारे आटे की लोइयों से सूजी पराठे तैयार कर लें। इसे दाल, रायता या सब्जी के साथ सर्व किया जा सकता है। 

5379487