Palak Paneer Recipe: जब घर में मेहमान आने वाले हों, तो हर कोई चाहता है कि खाना खास और रेस्टोरेंट जैसा टेस्टी बने। ऐसे मौके पर पालक पनीर एक परफेक्ट डिश है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखती है। लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि घर पर वैसा रिच और क्रीमी स्वाद नहीं आ पाता जैसा होटल में मिलता है।
दरअसल, पालक पनीर की असली जान उसकी ग्रेवी में होती है। अगर आप कुछ आसान टिप्स और सही तरीके अपनाएं, तो घर पर भी बिल्कुल होटल जैसा पालक पनीर तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी, जिससे आपका हर मेहमान तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा।
पालक पनीर बनाने के लिए सामग्री
- 250 ग्राम पनीर (क्यूब्स में कटा हुआ)
- 2 कप ताजा पालक
- 2 मध्यम आकार के प्याज (बारीक कटे हुए)
- 2 टमाटर (प्यूरी)
- 1-2 हरी मिर्च
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 2-3 चम्मच क्रीम
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1/2 चम्मच गरम मसाला
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- 2 चम्मच तेल या घी
पालक पनीर बनाने की विधि
पालक पनीर तैयार करने के लिए सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर 2-3 मिनट के लिए उबाल लें। फिर ठंडे पानी में डालकर उसका रंग बरकरार रखें और मिक्सी में पीसकर स्मूद प्यूरी तैयार कर लें।
पनीर के टुकड़ों को हल्के तेल या घी में सुनहरा होने तक फ्राई करें। इससे पनीर सॉफ्ट और टेस्टी बनता है। चाहें तो फ्राई करने के बाद हल्के गर्म पानी में डालकर नरम कर सकते हैं।
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालें। फिर प्याज डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर खुशबू आने तक पकाएं।
अब टमाटर प्यूरी डालें और इसे अच्छे से पकने दें जब तक तेल अलग न हो जाए। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अब तैयार पालक प्यूरी को मसाले में डालें और 3-4 मिनट तक पकाएं। इसके बाद पनीर के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर पकने दें।
आखिर में क्रीम और गरम मसाला डालकर 1-2 मिनट तक पकाएं। इससे ग्रेवी क्रीमी और रिच बन जाएगी। गैस बंद करें और गरमा-गरम सर्व करें। घर आए गेस्ट इसका स्वाद लेकर तारीफ किए बिना नहीं रहेंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)










