Original Leather: मार्केट में लेदर जैकेट, बैग, बेल्ट और जूते की भरमार है। हर दुकानदार दावा करता है कि उसका सामान सौ फीसदी जेन्युइन लेदर है, लेकिन हकीकत कई बार इससे बिल्कुल उलट निकलती है। नकली या सिंथेटिक लेदर दिखने में असली जैसा होता है, लेकिन कीमत चुकाने के बाद पछतावा हाथ लगता है।
अगर आप भी लेदर का सामान खरीदते समय धोखा नहीं खाना चाहते, तो कुछ आसान और भरोसेमंद ट्रिक्स जानना बेहद जरूरी है। अच्छी बात यह है कि असली लेदर की पहचान करना कोई मुश्किल काम नहीं, बस सही तरीका पता होना चाहिए। आइए जानते हैं वो आसान तरीके, जिनसे आप चुटकियों में असली और नकली लेदर में फर्क कर सकते हैं।
असली लेदर की पहचान के ट्रिक्स
स्मेल टेस्ट: खुशबू बताएगी सच
असली लेदर की एक खास प्राकृतिक गंध होती है, जो जानवर की खाल से आती है। यह खुशबू हल्की और मिट्टी जैसी होती है। वहीं नकली लेदर में प्लास्टिक या केमिकल जैसी तीखी गंध आती है। खरीदते समय अगर संभव हो, तो लेदर को सूंघकर जरूर देखें।
टच और फील से करें पहचान
असली लेदर छूने में नरम और थोड़ा गर्म महसूस होता है। जब आप उसे दबाते हैं, तो उस पर हल्की सिलवटें बनती हैं, जो थोड़ी देर में वापस सामान्य हो जाती हैं। नकली लेदर ज्यादा सख्त और ठंडा लगता है, और दबाने पर सिलवटें अक्सर बनी रहती हैं।
पानी की बूंद से करें टेस्ट
यह तरीका बेहद आसान और असरदार है। लेदर पर पानी की एक-दो बूंद डालें। अगर पानी धीरे-धीरे अंदर सोख लिया जाता है, तो वह असली लेदर है। नकली लेदर पर पानी ठहर जाता है या फिसल जाता है, क्योंकि वह पानी नहीं सोखता।
किनारों को ध्यान से देखें
असली लेदर के कटे हुए किनारे थोड़े खुरदरे और अनियमित होते हैं, जबकि नकली लेदर के किनारे एकदम चिकने और प्लास्टिक जैसे दिखते हैं। यह फर्क खासतौर पर बैग या बेल्ट के अंदरूनी हिस्से में आसानी से नजर आता है।
लेबल और कीमत पर रखें नजर
अगर प्रोडक्ट पर “Genuine Leather”, “Full Grain Leather” या “Top Grain Leather” लिखा है, तो उसके असली होने की संभावना ज्यादा होती है। वहीं “PU Leather” या “Synthetic Leather” साफ तौर पर नकली लेदर की पहचान है। साथ ही, बहुत कम कीमत पर मिलने वाला “असली लेदर” अक्सर शक के दायरे में होता है।
फायर टेस्ट (घर पर सावधानी से)
यह टेस्ट दुकान पर नहीं, बल्कि घर पर ही करें। असली लेदर को हल्की आंच देने पर वह जलेगा नहीं, बल्कि थोड़ा सिकुड़ सकता है और जले बाल जैसी गंध देगा। नकली लेदर आग लगते ही पिघलने लगता है और तेज प्लास्टिक की बदबू आती है। ध्यान रहे, यह टेस्ट बहुत सावधानी से करें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)










