रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग्स का अवैध व्यापार तेजी से फैलता दिख रहा है। इस बीच शहर में चार युवकों का कार के भीतर बैठकर खुलेआम सिंथेटिक ड्रग्स का सेवन करते हुए वीडियो वायरल हो गया है। वायरल वीडियो ने राजधानी की कानून व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
कार के अंदर चार युवक, खुलेआम ले रहे थे ड्रग्स
वीडियो में चार युवक कार के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इनमें से दो युवक तीसरे युवक को ड्रग्स लेते समय 'धीरे-धीरे… हाथ नहीं हिलाना, आराम से खींच…' जैसे निर्देश देते सुनाई दे रहे हैं। चौथा युवक पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल चुका है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में
जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, रायपुर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
राजधानी में बढ़ता नशे का नेटवर्क चिंता का विषय
पिछले कुछ महीनों में रायपुर में ड्रग्स से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं में नशे का बढ़ना एक गंभीर सामाजिक खतरा है, जिसे रोकने के लिए सख्त और लगातार कार्रवाई की आवश्यकता है।











