Logo
Usman Tariq Action controversy: उस्मान तारीक के अनोखे बॉलिंग एक्शन की वजह से उनपर चकिंग का आरोप लग रहा है। ICC नियम के तहत 15 डिग्री लिमिट पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं लेकिन 2 बार टेस्ट में उन्हें क्लीन चिट मिल चुकी है।

Usman Tariq Action controversy: पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारीक इन दिनों अपने अनोखे बॉलिंग एक्शन की वजह से सुर्खियों में हैं। छोटा सा रन-अप, तिरछा एप्रोच, रिलीज से पहले लंबा पॉज और फिर स्लिंग जैसी गेंदबाजी- उनके स्टाइल ने फैंस से लेकर एक्सपर्ट्स तक का ध्यान खींचा। हाल ही में पाकिस्तान की 32 रन की जीत में 3 विकेट लेने के बाद सोशल मीडिया पर उनके एक्शन को लेकर चकिंग का विवाद फिर भड़क गया।

कई यूजर्स ने वीडियो क्लिप रोक-रोककर देखीं, स्क्रीनशॉट्स शेयर किए और दावा किया कि उनकी कोहनी आईसीसी के तय 15 डिग्री लिमिट से ज्यादा मुड़ती है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन ने लाहौर टी20 में आउट होने के बाद उनके एक्शन की नकल कर नाराजगी जताई थी। इंग्लैंड के टॉम बैंटन और पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी सवाल उठाए थे। हालांकि अश्विन ने अंतिम फैसला आईसीसी पर छोड़ा है।

क्या है आईसीसी का नियम?
ICC के नियम साफ हैं कि गेंदबाज की कोहनी गेंद रिलीज करते वक्त 15 डिग्री से ज्यादा नहीं मुड़नी चाहिए। संदिग्ध एक्शन की रिपोर्ट मैच अधिकारियों को करनी होती है। तारीक को पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान 2 बार रिपोर्ट किया गया था। लेकिन दोनों बार टेस्टिंग के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई।

खुद तारीक ने बताया कि उनकी कोहनी स्वाभाविक रूप से मुड़ती है। मेडिकल भाषा में इसे 'हाइपरमोबाइल एल्बो' कहा जाता है, जिसे डबल जॉइंटेड भी कहते हैं। मुथैया मुरलीधरन और जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाजों को भी पहले इसी वजह से शक की नजर से देखा गया था लेकिन बाद में यह उनकी प्राकृतिक बनावट साबित हुई।

दिलचस्प बात यह है कि तारीक शुरुआत में तेज गेंदबाज थे। टेनिस बॉल मैच के दौरान चोट के बाद उन्होंने ऑफ स्पिन अपनाई और फिर विकेट मिलने लगे। उनके एक्शन का पॉज बल्लेबाजों की लय बिगाड़ देता है, जिससे गलती की संभावना बढ़ जाती। इंटरनेशनल डेब्यू के सिर्फ 3 महीने में वह 4 मैचों में 11 विकेट ले चुके और उनका इकोनॉमी रेट 6 से कम है।

उनका एक्शन भले अलग दिखे लेकिन आईसीसी ने अब तक इसे अवैध नहीं माना। जब तक आधिकारिक तौर पर कुछ साबित नहीं होता, उन्हें चकर कहना जल्दबाजी ही मानी जाएगी।

5379487