T20 World cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच श्रीलंका को बड़ा झटका लगा। टीम के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसारंगा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्हें यह चोट रविवार को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान लगी थी। हालांकि उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए थे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया थे, लेकिन मैच के बाद कराए गए MRI स्कैन में बाईं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट सामने आई।
रिपोर्ट को यूके के विशेषज्ञ ने भी देखा और मंगलवार को उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया गया। बताया जा रहा है कि यह चोट उनकी पुरानी हैमस्ट्रिंग समस्या से जुड़ी है। हालांकि इसे सीधे तौर पर दोबारा लगी चोट नहीं माना जा रहा। हसारंगा पहले भी फुट इंजरी समेत कई चोटों से जूझते रहे हैं।
ICC ने अभी आधिकारिक तौर पर रिप्लेसमेंट को मंजूरी नहीं दी है, लेकिन उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर दुशन हेमंथा को टीम में शामिल किया जा सकता। 31 वर्षीय हेमंथा ने अब तक सिर्फ तीन टी20 इंटरनेशनल खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 7.85 रहा है। टीम में स्पिन विकल्प कम होने के कारण उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में भी मौका मिल सकता है।
हैसरंगा की गैरमौजूदगी श्रीलंका के लिए बड़ा नुकसान है। टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 20 पारियों में 40 विकेट लेकर 6.01 की शानदार इकोनॉमी बनाए रखी है। श्रीलंका अब अपना अगला मुकाबला 12 फरवरी को ओमान से, 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया से और 19 फरवरी को जिम्बाब्वे से खेलेगा।








