Prayagraj Places: प्रयागराज घूमने जा रहे हैं? 5 जगहें देखना न भूलें, फैमिली ट्रिप के लिए है परफेक्ट

Prayagraj Popular Places: आप अगर ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां धर्म, इतिहास, संस्कृति और नेचर चारों का मेल एक साथ देखने को मिले, तो प्रयागराज से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो। उत्तर प्रदेश का यह ऐतिहासिक शहर सिर्फ कुंभ मेले के लिए ही नहीं, बल्कि अपने धार्मिक महत्व, प्राचीनता और आध्यात्मिक परिवेश के लिए भी दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां की गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों का संगम इसे एक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देता है।
प्रयागराज सिर्फ तीर्थस्थल ही नहीं, बल्कि फैमिली ट्रिप के लिए भी एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है। यहां घूमने के लिए ऐसी कई जगहें हैं जहां परिवार के साथ जाया जा सकता है। आइए जानते हैं प्रयागराज की लोकप्रिय जगहों के बारे में।
प्रयागराज की 5 खास जगहें
त्रिवेणी संगम: प्रयागराज का सबसे प्रमुख और पवित्र स्थान है त्रिवेणी संगम। यहां गंगा, यमुना और सरस्वती नदियां एक-दूसरे से मिलती हैं। मान्यता है कि यहां स्नान करने से पापों से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति होती है। सूर्योदय के समय नाव की सवारी और संगम स्नान एक न भूलने वाला अनुभव होता है।
अक्षयवट और पातालपुरी मंदिर: संगम तट के पास ही स्थित है पातालपुरी मंदिर और उसके अंदर मौजूद है अक्षयवट वृक्ष। कहा जाता है कि यह वृक्ष अनादि काल से है और इसके दर्शन मात्र से मोक्ष की प्राप्ति होती है। यह स्थान धार्मिक लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
आनंद भवन: आनंद भवन, नेहरू परिवार का निवास स्थान रहा है और अब यह एक संग्रहालय में तब्दील हो चुका है। यहां भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी अनेक स्मृतियां संजोकर रखी गई हैं। बच्चों को यहां आकर इतिहास को करीब से समझने का मौका मिलता है।
खुसरो बाग: मुगल शैली में बना यह गार्डन और मकबरा परिसर बेहद सुंदर और शांत है। यहां मुग़ल शहज़ादे खुसरो और अन्य सदस्यों की कब्रें स्थित हैं। इतिहास प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए यह जगह बेहद खास है।
अल्फ्रेड पार्क (चंद्रशेखर आज़ाद पार्क): यह ऐतिहासिक पार्क न केवल हरियाली और शांति के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आज़ाद की वीरता का गवाह भी है। यहीं पर उन्होंने अंग्रेज़ों से लड़ते हुए अपने प्राण त्यागे थे। बच्चों को देशभक्ति की प्रेरणा देने के लिए यह एक आदर्श स्थान है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
