राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) की ओर से लोवर डिवीजन क्लर्क (LDC) और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के 10644 पदों पर भर्ती निकाली गई है और आवेदन की अंतिम तारीख 13 फरवरी निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे तुरंत ऑफिशियल वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in या SSO पोर्टल sso.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना फॉर्म भर लें। अंतिम तिथि के बाद आवेदन विंडो बंद कर दी जाएगी और फिर मौका नहीं मिलेगा।
इस भर्ती में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से सीनियर सेकेंडरी (10+2) पास होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी के पास O Level, COPA, कंप्यूटर साइंस में डिग्री/डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक या समकक्ष कंप्यूटर सर्टिफिकेट होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 10644 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें लोवर डिवीजन क्लर्क और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के पद शामिल हैं। पदों का विस्तृत वर्गीकरण और विभागवार जानकारी अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवार rssb.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘Apply Online’ लिंक के माध्यम से या SSO पोर्टल पर लॉग इन करके सिटीजन एप्स (G2C) में रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना अनिवार्य है। इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर और दस्तावेज अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग, ओबीसी और अति पिछड़ा वर्ग (क्रीमीलेयर) के उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क जमा करना होगा। वहीं राजस्थान के ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये निर्धारित है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।










