पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 71वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग के अनुसार, इस परीक्षा का एडमिट कार्ड 17 अप्रैल 2026 से जारी किया जाएगा, जिसे अभ्यर्थी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। यह परीक्षा 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।
आयोग के अनुसार, एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने यूजरनेम और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड में “Download Admit Card” विकल्प पर क्लिक करके प्रवेश पत्र प्राप्त किया जा सकता है। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र कोड भी दिया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी मिल सकेगी। वहीं, परीक्षा केंद्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी 22 अप्रैल 2026 से डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की अतिरिक्त कॉपी साथ ले जाना अनिवार्य होगा, जिस पर परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर कराए जाएंगे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी और उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में दिए गए समय के अनुसार ही केंद्र पर पहुंचना होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ध्यान रहे, एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन जारी किया जाएगा, इसे डाक के जरिए नहीं भेजा जाएगा।
ऐसे करें एडमिट कार्ड डाउनलोड
- सबसे पहले BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- अब Candidate Login सेक्शन खोलें
- यूजरनेम और पासवर्ड दर्ज करें
- डैशबोर्ड में “Download Admit Card” पर क्लिक करें
- एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और प्रिंट निकाल लें
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले सभी जरूरी निर्देश ध्यान से पढ़ें और समय पर केंद्र पर पहुंचें, ताकि किसी भी परेशानी से बचा जा सके।









