रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2026 (CEN 06/2025) के तहत आयोजित होने वाली सीबीटी-1 परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। बोर्ड के अनुसार नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (ग्रेजुएट) पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT-1) का आयोजन 16 मार्च से 27 मार्च 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा तिथियां जारी होने के बाद अब अभ्यर्थी अपनी अंतिम तैयारी और रिवीजन पर फोकस कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5810 पद भरे जाएंगे। परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी और संभावना है कि इसे कई शिफ्ट में कराया जाए। उम्मीदवारों को उनकी परीक्षा शिफ्ट, रिपोर्टिंग टाइम और केंद्र की पूरी जानकारी एडमिट कार्ड में दी जाएगी।
आरआरबी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर और तारीख की जानकारी परीक्षा से करीब 10 दिन पहले जारी की जाएगी। ऐसे में सिटी इंटिमेशन लिंक 6 मार्च 2026 तक एक्टिव हो सकता है। वहीं ई-कॉल लेटर या एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग 4 दिन पहले यानी करीब 12 मार्च 2026 तक डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
सीबीटी-1 परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। इसमें कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। पेपर में सामान्य जागरूकता से 40 प्रश्न, गणित से 30 प्रश्न और जनरल इंटेलिजेंस व रीजनिंग से 30 प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी, इसलिए उम्मीदवारों को सावधानी से प्रश्न हल करने की सलाह दी गई है।
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। इसमें सीबीटी-1, सीबीटी-2, सीबीएटी/सीबीटीएसटी (पद के अनुसार), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल हैं। अंतिम चयन मेरिट और उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित रिपोर्टिंग टाइम से पहले पहुंचें। एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लेकर जाएं। किसी भी तरह की अफवाह या अनऑफिशियल जानकारी पर भरोसा न करें और सभी ताजा अपडेट केवल आधिकारिक आरआरबी वेबसाइट्स से ही चेक करें।











