Prem Chopra: 90 साल के प्रेम चोपड़ा ने इस गंभीर बीमारी को हराया, दामाद शरमन जोशी ने दिया हेल्थ अपडेट

अभिनेता शरमन जोशी ने अपने ससुर व वेटरन एक्टर प्रेम चोपड़ा की सेहत की जानकारी साझा की।
Prem Chopra health: वेटरन एक्टर प्रेम चोपड़ा हाल ही में 90 साल की उम्र में स्वास्थ्य संबंधित बीमारी से जूझने के राण अस्पताल में भर्ती हुए थे। प्रेम चोपड़ा एक गंभीर बीमारी एओर्टिक स्टेनोसिस का शिकार हुए थे जिसका अब सफलतापूर्वक इलाज हो गया है। उनकी तबीयत को लेकर उनके दामाद और अभिनेता शर्मन जोशी ने एक अहम स्वास्थ्य अपडेट साझा किया है।
'रंग दे बसंती', '3 इडियट्स' जैसी मशहूर फिल्मों के कलाकार शर्मन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया और अपने ससुर प्रेम चोपड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी दी।
शर्मन जोशी ने ससुर प्रेम चोपड़ा की हेल्थ अपडेट दी
शर्मन जोशी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर कर लिखा- “हमारे परिवार की ओर से, मैं डॉ. नितिन गोखले और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रविंदर सिंह राव का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मेरे ससुर प्रेम चोपड़ा का बेहतरीन इलाज किया।
डैड को गंभीर एओर्टिक स्टेनोसिस था। डॉक्टर ने सफलतापूर्वक TAVI प्रक्रिया कर उनकी वाल्व को बदला। विशेषज्ञता के चलते प्रक्रिया बिल्कुल स्मूथ रही और रिकवरी भी तेज हुई।” उन्होंने बताया कि प्रेम चोपड़ा अब घर वापस आ चुके हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।
क्या है एओर्टिक स्टेनोसिस?
एओर्टिक स्टेनोसिस एक प्रकार की हार्ट वाल्व बीमारी है जिसमें हृदय की एओर्टिक वाल्व संकरी हो जाती है और पूरी तरह नहीं खुलती। इससे दिल से शरीर के बाकी हिस्सों में रक्त प्रवाह बाधित होता है। पिछले महीने 90 वर्षीय प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वायरल संक्रमण और उम्र से जुड़ी जटिलताओं के चलते इलाज की आवश्यकता पड़ी।
प्रेम चोपड़ा की फिल्में
बताते चलें, प्रेम चोपड़ा 90 साल के हो गए हैं। उन्होंने 350 से भी अधिक हिंदी फिल्मों में काम किया है। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने सबसे ज्यादा विलेन की भूमिकाएं निभाईं और उनके यादगार डायलॉग्स और एक्टिंग की आज भी तारीफें होती हैं। पिछली बार वह रणबीर कपूर के साथ फिल्म एनिमल में नजर आए थे।
बता दें, शरमन जोशी रिश्ते में प्रेम चोपड़ा के दामाद लगते हैं। उन्होंने एक्टर की बेटी प्रेरणा चोपड़ा से शादी की थी।
